मौसम ब्रेकिंग: काशी समेत पूर्वांचल और आसपास के जिलों में अगले दो दिनों तक घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद उत्तर-पश्चिमी ठंडी और शुष्क हवाओं ने जोर पकड़ लिया है, जिससे सुबह और रात में ठंड बढ़ने लगी है।
मौसम विभाग के अनुसार अलर्ट की वैध अवधि में में दिन और रात के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। इसके चलते सुबह कोहरा और ठिठुरन बढ़ने की संभावना जताई गई है।
यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार पिछले 48 घंटों के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में छिटपुट बारिश हुई, जिसके बाद ठंडी हवाएं तेज हो गईं। प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में दिन और रात के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है और तापमान अब सामान्य के करीब पहुंच गया है।
बंगाल की खाड़ी के तूफान से बदल सकती है हवा की दिशा
हवा में नमी घटने के कारण मंगलवार सुबह कोहरे के घनत्व में कमी दर्ज की गई, हालांकि अगले दो दिनों तक पूर्वांचल के कुछ हिस्सों में कोहरे का असर बने रहने की संभावना है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अगले दो से तीन दिनों तक तापमान सामान्य या उससे नीचे रह सकता है।
इसके बाद बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से हवाओं की दिशा बदलने की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। फिलहाल सुबह और रात की ठंड का असर बढ़ेगा, जबकि दिन में धूप निकलने से मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहने का अनुमान है।














