मौसम ब्रेकिंग: बंगाल की खाड़ी में सक्रिय भीषण चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर झारखंड में दिखने लगा है। दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार गुरुवार को चाईबासा और जमशेदपुर में हल्की बूंदाबांदी हुई, जबकि राजधानी रांची में बादल छाए रहे।
मौसम विभाग ने 20 नवंबर को राज्य के 13 जिलों में भारी बारिश के साथ मेघ गर्जन की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, लोहरदगा, गुमला, रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, हजारीबाग और कोडरमा शामिल हैं।
21 नवंबर को गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश का यलो अलर्ट बताया गया है। मौसम विभाग के अनुसार 24 नवंबर से मौसम साफ होने का अनुमान है।
तापमान में बदलाव का अनुमान
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार इस सिस्टम का असर रांची समेत पूरे झारखंड में दिखेगा। उनके अनुमान के मुताबिक 22 नवंबर से चक्रवात का असर कम होने लगेगा और 24 नवंबर तक मौसम सामान्य हो जाएगा। अलर्ट की वैध अवधि में में अधिकतम तापमान 2-3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने का अनुमान है।













