मौसम ब्रेकिंग: उत्तर भारत में लगातार बदलते मौसम और बढ़ती सर्दी का असर अस्पतालों पर दिखने लगा है। नव भारत लाइव की रिपोर्ट के अनुसार आगरा के सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज (एसएनएमसी) की ओपीडी में मरीजों की संख्या तीन से साढ़े तीन हजार प्रतिदिन से बढ़कर पांच हजार के पार पहुंच गई है। जिला अस्पताल से लेकर मेडिकल कॉलेज तक ओपीडी में मरीजों की संख्या में बड़ा इजाफा दर्ज किया गया है।
सबसे अधिक दबाव इमरजेंसी सेवाओं पर है। रिपोर्ट के मुताबिक इमरजेंसी में 80 बेड हैं, जबकि वहां प्रतिदिन करीब 150 से 200 मरीज पहुंच रहे हैं। प्रबंधन का कहना है कि किसी भी मरीज को उपचार से वंचित नहीं किया जा रहा। चिकित्सकीय परीक्षण के बाद जरूरत के अनुसार मरीजों को भर्ती कर संबंधित वार्डों में शिफ्ट किया जा रहा है।
प्रशासन का पक्ष और खर्च की तुलना
एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं डीन डॉ. प्रशांत गुप्ता ने नव भारत से बातचीत में कहा कि तापमान में बदलाव और सर्दी बढ़ने के कारण मरीजों की संख्या बढ़ी है। उनके अनुसार इमरजेंसी में आने वाले हर मरीज को पहले चिकित्सक देखते हैं और स्थिति के आकलन के बाद भर्ती का निर्णय लिया जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि सभी मरीजों को इमरजेंसी में लंबे समय तक रखना जरूरी नहीं होता।
डॉ. गुप्ता ने लोगों से निजी अस्पतालों में जाने से पहले मेडिकल कॉलेज की सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने बताया कि कुछ सेवाओं के लिए निर्धारित शुल्क लिया जाता है, जो मरीजों की पहुंच से बाहर नहीं है। उदाहरण के तौर पर उन्होंने कहा कि जिस ऑपरेशन पर किसी निजी अस्पताल में करीब 10 लाख रुपये तक खर्च हो सकते हैं, वही ऑपरेशन एसएन मेडिकल कॉलेज में लगभग दो से ढाई लाख रुपये में हो सकता है।














