मौसम ब्रेकिंग: मौसम विभाग ने कहा है कि चक्रवात अकवान के भीषण चक्रवाती तूफान में बदलकर शुक्रवार को आंध्र प्रदेश के नेल्लोर और तुनी के बीच तट से टकराने की आशंका है। न्यूज़ ऑन एयर की रिपोर्ट के अनुसार विभाग के महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय महापात्रा ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इस दौरान हवा की रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है और झोंकों के साथ यह 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। उनके अनुसार बृहस्पतिवार और शुक्रवार को इसका सबसे अधिक प्रभाव पड़ने का अनुमान है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
अन्य राज्यों में मौसम का अनुमान
मौसम विभाग ने तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईक्काल में तेज़ वर्षा की संभावना जताई है। आंध्र प्रदेश और अंडमान निकोबार द्वीप समूह में तेज़ हवाओं के साथ तूफान का अनुमान व्यक्त किया गया है। विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और उत्तर प्रदेश में घने कोहरे का अनुमान है।
इसी बीच दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार 17 नवंबर 2026 की सुबह 7 बजे दिल्ली में एक्यूआई 246 दर्ज किया गया।












