मौसम ब्रेकिंग: उत्तर प्रदेश में इन दिनों मौसम शुष्क बना हुआ है और ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक मध्य राजस्थान और आसपास के इलाकों में हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जिसका असर पूर्वांचल में देखने को मिल सकता है और कहीं-कहीं हल्की-फुल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
मौसम विभाग ने आज 11 नवंबर, बुधवार को प्रदेश के दोनों संभागों पूर्वी और पश्चिमी में मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान सुबह के समय कहीं-कहीं छिछला कोहरा होने की बहुत संभावना है।
वहीं पूर्वांचल में सुबह के समय छिछला से मध्यम कोहरा रहने की चेतावनी दी गई है। प्रदेश में फिलहाल बारिश के आसार नहीं दिख रहे हैं, केवल एक-दो जगहों पर छिटपुट बूंदाबांदी हो सकती है।
राजधानी लखनऊ में भी आज दिनभर मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। सुबह के समय यहां हल्का कोहरा रहेगा, लेकिन दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ़ रहने और खिली-खिली धूप निकलने का अनुमान है।
लखनऊ में आज अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। बाराबंकी, सीतापुर, अयोध्या और प्रयागराज में भी मौसम शुष्क रहेगा, जबकि वाराणसी में आज आंशिक तौर पर बादल छाए रह सकते हैं।
पश्चिमी यूपी के नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ और हापुड़ में सुबह-शाम अच्छी खासी ठंड पड़ रही है और मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। सर्दी का असर बढ़ने के साथ यहां की हवा में प्रदूषण का स्तर भी बढ़ गया है।
दिवाली के बाद एक्यूआई में तेजी से इजाफा हुआ है। नोएडा में आज हवा में प्रदूषण का स्तर 311 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी की हवा मानी जाती है।
मौसम विभाग ने 16 नवंबर तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है। कहीं कोई बारिश या गरज-चमक की चेतावनी नहीं दी गई है।
प्रदेश के सभी जिले अगले एक हफ्ते तक ग्रीन ज़ोन में बने हुए हैं और अगले सात दिनों में अधिकतम व न्यूनतम तापमान में बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।














