मौसम ब्रेकिंग: बेड़ो और इटकी क्षेत्र में चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव से लगातार हो रही बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। प्रभात खबर की रिपोर्ट के अनुसार, खेतों में पानी जमा होने से तैयार धान और मड़ुआ की फसल गिरने लगी है।
रिपोर्ट के मुताबिक, खेतों में काटकर रखी गई धान की फसल भी बारिश में भीग गई है, जिससे धान के अंकुरित होने और पुआल के सड़ने का खतरा बढ़ गया है। सब्जियों की फसल पर भी बारिश का प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका जताई गई है।
बेड़ो के मासु गांव के किसान संजय उरांव ने बताया कि अधिकांश किसानों ने दोन खेतों में तैयार धान की कटाई कर ली है, लेकिन जिन किसानों की एक नंबर दोन की फसल अब तक नहीं कट पाई, उनकी पकी फसल बारिश से खेतों में गिर गई है। किसान तिरपाल से ढककर कटी फसल बचाने का प्रयास कर रहे हैं।
जरिया पुरनाडीह के किसान ब्रजेश महतो ने बताया कि लगातार बारिश से आलू, टमाटर और फ्रेंचबीन की फसल में झुलसा और चित्ती रोग लगने का खतरा है, जिससे सब्जी उत्पादक किसानों की परेशानी बढ़ गई है।
इटकी में शुक्रवार सुबह से हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित रहा और बाजारों व सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। प्रगतिशील किसान नंदलाल महतो ने बताया कि खेतों में खड़ी धान की बालियां गिर गई हैं और भीगी फसल से आर्थिक नुकसान की आशंका है। पुआल भीगने से पशुओं के चारे की समस्या पैदा हो सकती है।











