मौसम ब्रेकिंग: बिहार के खगड़िया जिले में सोमवार को दो दिनों के बाद मौसम का मिजाज बदला। सुबह आसमान में बादल छाए रहे और हल्की बारिश, तेज हवा और धुंध के कारण जनजीवन पर असर पड़ा। हिंदुस्तान की रिपोर्ट के अनुसार मौसम में अचानक आए इस बदलाव से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं किसानों की चिंता बढ़ गई है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि चौथम प्रखंड की धुतौली पंचायत के अंतर्गत धुतौली-मालपा सहित कई बहियार में खेतों में काटकर रखी गई धान की फसल बारिश के पानी में भीग गई है। कई खेतों में पानी जमा होने से किसानों को फसल खराब होने का डर सता रहा है।
किसानों ने जताई नुकसान की आशंका
किसान गौतम कुमार चौरसिया और पंकज कुमार निराला ने बताया कि खेतों में काटकर रखी धान की फसल में घुटने तक पानी जमा हो गया है। उनके अनुसार यदि पानी जल्द नहीं निकला तो धान में अंकुरण होने से फसल बर्बाद हो सकती है, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
खराब मौसम के बावजूद किसान मजदूरों के साथ खेतों में उतरकर भीगी धान को पानी से निकाल कर ऊंचे स्थानों पर रखने का काम कर रहे हैं, ताकि फसल को बचाया जा सके।











