हिमाचल में बर्फबारी से बढ़ी ठंड, रोहतांग पास समेत ऊंचाई वाले इलाकों में वाहनों पर रोक

हिमाचल बर्फबारी: ऊंचे पहाड़ों पर ताज़ा बर्फबारी से ठंड बढ़ी है, कुल्लू प्रशासन ने गुलाबा से आगे वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई और मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 14 और 15 नवंबर को खराब मौसम का अनुमान जताया है।

मौसम ब्रेकिंग: हिमाचल प्रदेश के ऊंचे पहाड़ों पर हो रही ताज़ा बर्फबारी से पूरे राज्य में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। शुक्रवार को राज्य के जनजातीय जिलों लाहौल-स्पीति और किन्नौर सहित कुल्लू जिले की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है।

कुल्लू के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल रोहतांग पास और मढ़ी में भी बर्फ के फाहे गिर रहे हैं।

वहीं, लाहौल-स्पीति के निचले इलाकों में बारिश हो रही है। इसके अलावा चंबा और धर्मशाला में भी कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा दर्ज की जा रही है।

राजधानी शिमला और मनाली में सुबह से ही घने बादल छाए हुए हैं, जिससे तापमान में गिरावट आई है और लोगों को ठिठुरन महसूस होने लगी है।

ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी और खराब मौसम के चलते प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। कुल्लू जिला प्रशासन ने सैलानियों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को देखते हुए गुलाबा से आगे वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है।

कुल्लू पुलिस प्रशासन ने आम लोगों और पर्यटकों से अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान जिला के ऊंचाई वाले क्षेत्रों की तरफ न जाएं, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य में अभी मौसम के तेवर कड़े बने रहेंगे। केंद्र ने आज कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिले के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी और निचले इलाकों में कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया है।

विभाग का अनुमान है कि 14 और 15 नवंबर को भी राज्य के उच्च पर्वतीय व मध्यवर्ती इलाकों में मौसम खराब बना रहेगा। हालांकि, इसके बाद 16 से 19 नवंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटों में केलांग में 3.0 मिलीमीटर, कुकुमसेरी में 2.4 मिलीमीटर और सराहन में 1.0 मिलीमीटर बारिश हुई है। इसके अलावा सुंदरनगर, धर्मशाला, पालमपुर और कांगड़ा में बूंदाबांदी दर्ज की गई है।

ताज़ा बर्फबारी और बारिश के कारण जनजातीय क्षेत्रों में पारा जमाव बिंदु से नीचे चला गया है। लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में सबसे कम -2.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

इसके अलावा ताबो में 2.7 डिग्री, कल्पा में 5.3 डिग्री, कुफरी में 7.9 डिग्री, मनाली में 9.6 डिग्री, सोलन में 10.0 डिग्री, बिलासपुर में 10.5 डिग्री और शिमला में 11.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। नेरी में 16.0 डिग्री और पांवटा साहिब में 19.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।

Priya Verma

Priya Verma, Mausam Breaking की Hindi Editorial Team से जुड़ी हैं। वे विभिन्न राज्यों और शहरों के मौसम पूर्वानुमान, बारिश की संभावना, तापमान में बदलाव और स्थानीय मौसम परिस्थितियों से संबंधित खबरों को सरल हिंदी में प्रस्तुत करती हैं। उनकी रिपोर्टिंग का उद्देश्य technical weather information को आम पाठक के लिए आसानी से समझने योग्य बनाना है।

Website

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

चक्रवात अलर्ट

मौसम श्रेणियाँ