मौसम ब्रेकिंग: उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है।
खासकर 12 और 13 नवंबर को कश्मीर घाटी के कुछ स्थानों पर भारी बारिश या बर्फबारी हो सकती है।
मौसम विभाग ने इन दोनों दिनों के लिए जम्मू-कश्मीर और लद्दाख मौसम उपखंड में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। पहाड़ी इलाकों में बर्फ जमा होने से सड़क यातायात प्रभावित हो सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार शुरुआत में ऊंचाई वाले कुछ स्थानों पर हल्की बर्फबारी हो सकती है, जबकि 12 नवंबर की शाम से मौसम की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। श्रीनगर मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, 12 नवंबर की शाम से 13 नवंबर की दोपहर बाद तक कश्मीर के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचे पहाड़ों पर बर्फबारी होने के आसार हैं।
कुछ स्थानों पर बारिश या हिमपात अधिक तीव्र हो सकता है।
पश्चिमी विक्षोभ के असर से जम्मू-कश्मीर में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान में 12 और 13 नवंबर को हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।
ऐसे में ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम तेजी से बदल सकता है।
श्रीनगर मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 12 और 13 नवंबर को दिन के तापमान में करीब 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी से पहाड़ी सड़कें फिसलन भरी हो सकती हैं, इसलिए यात्रा की योजना बनाने वालों को मौसम विभाग और यातायात पुलिस की ताजा जानकारी देखने की सलाह दी गई है।
पश्चिमी विक्षोभ केवल कश्मीर तक सीमित नहीं रहेगा। हिमाचल प्रदेश में 11 से 15 नवंबर के दौरान कुछ स्थानों पर बारिश या बर्फबारी की संभावना है, और 12 व 13 नवंबर को गरज-चमक तथा तेज हवाओं का अनुमान है।
उत्तराखंड में भी 12 और 13 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना जताई गई है, हालांकि इन राज्यों के लिए कश्मीर जैसी भारी बारिश की चेतावनी जारी नहीं की गई है।













