मौसम ब्रेकिंग: मध्य प्रदेश के 17 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार अमरकंटक और करौंदी में पारा 12 डिग्री से नीचे बना हुआ है, जबकि जबलपुर और भोपाल प्रदेश के सबसे ठंडे क्षेत्र पचमढ़ी से भी अधिक सर्द दर्ज किए गए हैं।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बीती रात अमरकंटक में न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। कटनी के करौंदी में 11.3 डिग्री, दमोह में 12 डिग्री, शहडोल के कल्याणपुर में 12.3 डिग्री, रायसेन में 12.6 डिग्री और बालाघाट के मलाजखंड में 12.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
भोपाल और जबलपुर-छिंदवाड़ा में 13 डिग्री, पचमढ़ी में 13.2 डिग्री, उमरिया में 13.4 डिग्री, मंडला-नौगांव में 13.6 डिग्री, रीवा में 13.8 डिग्री, इंदौर में 14 डिग्री, खजुराहो में 14.4 डिग्री और सीधी में 14.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने बताया कि प्रदेश में आने वाले 4 दिनों के भीतर न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। सुबह के समय कई इलाकों में हल्का कोहरा छाने और रात 8 बजे के बाद शहरों में धुंध बढ़ने की स्थिति भी देखी जा रही है।
इसके साथ ही दिवाली के बाद प्रदेश की हवा लगातार खराब होती जा रही है। भोपाल और उज्जैन में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 400 के पार पहुंच गया है, जो पांच साल में तीसरी बार हुआ है।
जबलपुर, ग्वालियर, इंदौर, देवास, मंडीदीप, सिंगरौली, पीथमपुर और कटनी समेत अन्य शहरों में भी एक्यूआई में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।














