मौसम ब्रेकिंग: मध्य प्रदेश में ठंड ने जोर पकड़ना शुरू कर दिया है। रात के तापमान में गिरावट के साथ ठंड धीरे-धीरे बढ़ रही है।
खासकर शहडोल, अनूपपुर, कटनी, दमोह और शाजापुर में इसका असर देखने को मिल रहा है।
शहडोल का कल्याणपुर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस सीजन में प्रदेश का सबसे कम तापमान है।
इस सीजन में पहली बार मध्य प्रदेश में पारा 10 डिग्री से नीचे पहुंचा है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की और गिरावट देखने को मिल सकती है, जिससे सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ेगा। फिलहाल इस हफ्ते मौसम शुष्क रहने का अनुमान है और कहीं भी बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के सभी संभागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस खंडवा में दर्ज किया गया।
न्यूनतम तापमान में अमरकंटक (अनूपपुर) में 10.1 डिग्री, करोंदी (कटनी) में 10.4 डिग्री, दमोह में 11.5 डिग्री, गिरवर (शाजापुर) में 11.8 डिग्री, इंदौर में 12.4 डिग्री और पचमढ़ी में 13.2 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र, भोपाल के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान के पास बना है और पूर्वी उत्तर प्रदेश पर भी चक्रवाती परिसंचरण है। दक्षिण अंडमान सागर पर बने ऊपरी वायु चक्रवात के असर से 13 नवंबर के आसपास दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में निम्न दाब क्षेत्र बनने की संभावना है, जो अगले 24 घंटों में सुस्पष्ट निम्न दाब क्षेत्र में बदल सकता है।
इससे मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
ग्वालियर-चंबल संभाग में उत्तर भारत से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण रातें ज्यादा सर्द हो सकती हैं। नवंबर के तीसरे हफ्ते में बादल छाने के साथ कहीं-कहीं बूंदाबांदी की स्थिति बन सकती है।













