मौसम ब्रेकिंग: बंगाल की खाड़ी में एक और चक्रवाती तूफान विकसित होने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, दक्षिण अंडमान सागर और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में 11 और 12 नवंबर के आसपास चक्रवाती परिसंचरण विकसित हो सकता है।
इसके बाद 13 नवंबर तक इसी क्षेत्र में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। अनुकूल समुद्री तापमान और हवा की परिस्थितियां इस मौसमी प्रणाली को मजबूती दे सकती हैं।
स्काईमेट वेदर के मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में इस सीजन में यह तीसरा संभावित तूफान हो सकता है। इससे पहले अर्नब और मुरासु नाम के दो तूफान बंगाल की खाड़ी में सक्रिय होकर तमिलनाडु से ओडिशा के तटीय क्षेत्रों तक अपना प्रभाव दिखा चुके हैं।
मौसम विशेषज्ञों ने संभावित तूफान के आगे बढ़ने को लेकर तीन परिस्थितियां जताई हैं। पहली संभावना है कि यह सिस्टम ताकतवर होकर तमिलनाडु और दक्षिणी तटीय आंध्र प्रदेश की ओर बढ़ सकता है।
दूसरी संभावना के अनुसार, यह दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक पहुंचने के बाद समुद्र में ही अपना रास्ता बदल सकता है और तट से टकराने से बच सकता है। तीसरी और कम संभावना यह है कि यह म्यांमार के तट की ओर बढ़ जाए।
हालांकि, फिलहाल मौसम के विभिन्न पूर्वानुमान मॉडल इस सिस्टम की दिशा और तीव्रता को लेकर एकमत नहीं हैं। ऐसे में इसके आगे के रास्ते और ताकत का स्पष्ट अनुमान लगाना अभी संभव नहीं है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 12 से 13 नवंबर तक इसकी दिशा और संभावित प्रभाव को लेकर अधिक स्पष्टता सामने आ सकती है।
यदि यह सिस्टम विकसित होकर चक्रवाती तूफान का रूप लेता है तो इसका नाम ‘अकवान’ (Akvan) रखा जाएगा। यह नाम ईरान ने प्रस्तावित किया है।










