मौसम ब्रेकिंग: बंगाल की खाड़ी में एक बार फिर कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जिसका असर भारत के कई हिस्सों में देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक 13 नवंबर के आसपास दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर लो प्रेशर एरिया बन सकता है, जो आगे उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़कर अगले 24 घंटों में एक स्पष्ट कम दबाव के क्षेत्र में तब्दील होने की संभावना है।
मौसम विभाग के वैज्ञानिक इसकी गति पर पैनी नजर रखे हुए हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार यह एक महीने में चौथी बार है जब बंगाल की खाड़ी में ऐसा कम दबाव क्षेत्र बन रहा है, और इसे अर्नब और मुरासु के बाद लगातार तीसरा तूफान बनने की आशंका जताई गई है।
इसके बाद यह चेन्नई और उसके पड़ोसी जिलों समेत उत्तरी तमिलनाडु तट से टकरा सकता है।
तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 10-11 नवंबर तथा 15-16 नवंबर को कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है। 15 नवंबर को इन इलाकों में व्यापक बारिश और 16 नवंबर को केरल और माहे में भी भारी बारिश का अनुमान है।
मौसम विभाग ने शिवगंगा, रामनाथपुरम, तूतीकोरिन और तिरुनेलवेली जिलों में बुधवार के लिए जगह-जगह भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है, जबकि कावेरी डेल्टा सहित राज्य के कई हिस्सों में मध्यम बारिश की संभावना है।
उत्तर भारत में एक पश्चिमी विक्षोभ के कारण 13 नवंबर तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में कई जगहों पर बारिश और बर्फबारी हो सकती है। 12 नवंबर को कश्मीर घाटी में कुछ स्थानों पर भारी बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
पंजाब में 12 से 16 नवंबर के बीच कहीं-कहीं बारिश हो सकती है।
खराब समुद्री हालात को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को सलाह दी है कि वे प्रभावित इलाकों में समुद्र में न जाएं। फिलहाल आंध्र प्रदेश के लिए कोई खास चेतावनी जारी नहीं की गई है, लेकिन मौसम विशेषज्ञ स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
पश्चिम और मध्य भारत में इस सप्ताह कोई खास मौसम गतिविधि नहीं होने का अनुमान है। लोग मौसम विभाग के नवीनतम बुलेटिन पर नजर बनाए रखें।











