मौसम ब्रेकिंग: नवंबर में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है, लेकिन इसी बीच देश के कई राज्यों में मौसम एक बार फिर बदलने वाला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 11 से 16 नवंबर के बीच बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने को लेकर अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों से लेकर पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत तक इसका असर देखने को मिल सकता है। वहीं, बंगाल की खाड़ी में बनने वाला कम दबाव का क्षेत्र भी चिंता बढ़ा रहा है।
IMD के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर में 14 से 16 नवंबर के बीच हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश में 16 नवंबर तक बारिश के आसार हैं, जबकि उत्तराखंड में 12 और 13 नवंबर को मौसम बदल सकता है। पंजाब में भी 12 से 16 नवंबर के बीच हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 16 नवंबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। यहां 14 नवंबर तक भारी बारिश और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी है।
वहीं, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और सिक्किम में 12 नवंबर तक हल्की बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर के कई राज्यों में गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है।
मौसम विभाग के अनुसार, 13 नवंबर के आसपास दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में नया कम दबाव का क्षेत्र बन सकता है। इसके प्रभाव से तमिलनाडु में व्यापक बारिश होने की संभावना है।
इसके चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका को देखते हुए वैज्ञानिक लगातार निगरानी कर रहे हैं। 14 और 15 नवंबर को अंडमान सागर और दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
समुद्र में खराब स्थिति को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। लोगों को भी मौसम विभाग के ताजा अपडेट पर नजर रखने और सावधानी बरतने की जरूरत है।











