India Weather Forecast September 2026 : देश से मानसून की वापसी का सिलसिला शुरू हो चुका है, लेकिन इसी बीच मौसम विभाग ने एक बड़ा अलर्ट जारी किया है। 24 सितंबर यानी बुधवार को देश के करीब 19 राज्यों में हल्की से लेकर भारी बारिश की संभावना है। कई जगहों पर 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, साथ ही गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है। पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन की आशंका बरकरार है। बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव 23 सितंबर की रात तक उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के बीच कलिंगपट्टनम के पास तट को पार कर सकता है, जिससे 24 सितंबर से छत्तीसगढ़, ओडिशा और तेलंगाना में मूसलाधार बारिश का अनुमान है। मछुआरों को 24 सितंबर तक संबंधित समुद्री क्षेत्रों में न जाने की सलाह दी गई है।
दिल्ली से मानसून की विदाई, 27-28 सितंबर को बारिश
राजधानी दिल्ली से मानसून की वापसी हो चुकी है। मौसम विभाग के अनुसार, 24 सितंबर को दिल्ली में बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि मानसून की विदाई के बाद 27 और 28 सितंबर को राजधानी में झमाझम बारिश हो सकती है। दिल्ली का अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश: 25 सितंबर से बारिश बढ़ेगी
उत्तर प्रदेश में 24 सितंबर को बारिश की गतिविधियां सीमित रहेंगी। 25 सितंबर से पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश का दायरा बढ़ेगा और अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। 26 सितंबर को पूर्वी यूपी में भारी से बहुत भारी बारिश, जबकि पश्चिमी यूपी में भारी बारिश की संभावना है। 27 सितंबर को पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। 28-29 सितंबर को बारिश की तीव्रता कम होकर कुछ स्थानों तक सीमित रह जाएगी। लखनऊ में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
यह भी पढ़ें: हरियाणा का मौसम: अगले 7 दिन बारिश का अलर्ट नहीं, दिन में गर्मी तो सुबह-शाम बदलेगा अहसास
बिहार और झारखंड में भारी बारिश का अलर्ट
बिहार में 24 और 25 सितंबर को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। राज्य में बारिश का यह क्रम 29 सितंबर तक जारी रह सकता है। गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है। पटना में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
झारखंड में 24 सितंबर को भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। 25-26 सितंबर को भी भारी बारिश जारी रह सकती है। 27 सितंबर को कुछ स्थानों पर बारिश और गरज-चमक की संभावना है, जबकि 28-29 सितंबर को छिटपुट बारिश हो सकती है। रांची का अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
मध्य प्रदेश: पूर्वी हिस्सों में सबसे ज्यादा असर
मध्य प्रदेश में 24 सितंबर को पूर्वी हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। 25 सितंबर को पूर्वी एमपी में भारी से बहुत भारी बारिश, जबकि पश्चिमी हिस्से में भारी बारिश हो सकती है। 26 सितंबर को राज्य के अलग-अलग हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। 27 सितंबर को भी भारी बारिश जारी रहेगी। 28-29 सितंबर को गतिविधियां कम होकर कुछ स्थानों तक सीमित हो जाएंगी। भोपाल में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
उत्तराखंड: 26-27 सितंबर को भारी बारिश
उत्तराखंड में 24 सितंबर को हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन 25 सितंबर से मौसम करवट लेगा। मौसम विभाग ने 26 और 27 सितंबर को राज्य में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। 28 और 29 सितंबर को भी अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश जारी रह सकती है। नैनीताल में अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
समुद्री हालात और मछुआरों के लिए चेतावनी
बंगाल की खाड़ी में स्थिति बेहद खराब रह सकती है। गहरा दबाव पश्चिम-उत्तरपश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है और 23 सितंबर की रात तक उत्तर आंध्र प्रदेश-दक्षिण ओडिशा तट के बीच कलिंगपट्टनम के आसपास तट को पार कर सकता है। ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटों के पास तेज हवाएं चलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने मछुआरों को 24 सितंबर तक संबंधित समुद्री क्षेत्रों में न जाने की सलाह दी है। अगर आप इन दिनों कहीं घूमने की योजना बना रहे हैं तो मौसम का अपडेट जरूर देख लें।



