मौसम ब्रेकिंग: राजस्थान में नवंबर का आधा महीना बीतने को है, लेकिन प्रदेश में सर्दी का असर अभी तक अपेक्षित रूप से तेज नहीं हुआ है। प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में दिन और रात का तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है।
पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में दिन के समय गर्मी का असर बरकरार है, जबकि सुबह और रात के समय हल्की ठंडक महसूस होने लगी है। हालांकि, अब मौसम में बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं।
मौसम विभाग के जयपुर केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के मुताबिक, 14 और 15 नवंबर को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादल छाने और हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं, 16 नवंबर से पश्चिमी राजस्थान में मौसम का मिजाज और बदल सकता है।
इस दौरान तेज हवाओं के साथ मेघगर्जन और हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। मौसम में बदलाव के चलते प्रदेश के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट होने की संभावना है, जिससे सर्दी का असर बढ़ेगा।
पिछले करीब 12 दिनों से प्रदेश के कई इलाकों में तापमान सामान्य से ऊपर चल रहा है। मौसम के आंकड़ों के अनुसार अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस ऊपर है, जबकि कई इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री सेल्सियस अधिक रिकॉर्ड किया जा रहा है।
दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के जोधपुर संभाग में गर्मी का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग की 11 नवंबर की रिपोर्ट के अनुसार बाड़मेर में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सर्वाधिक रहा।
चित्तौड़गढ़ में 36.2 डिग्री और जैसलमेर में 35.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट शुरू हो गई है। फतेहपुर और माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सीकर में 12 डिग्री और भीलवाड़ा में 12.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
राजधानी जयपुर में बुधवार को न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री गिरकर 17 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो अब भी सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक है। वहीं दिन में तेज धूप के कारण अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक रहा।
मौसम विभाग के अनुसार 14 नवंबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर संभाग के कुछ जिलों में बादलों की आवाजाही रहेगी और बिजली चमकने व मेघगर्जन के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
14 नवंबर को पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों और उत्तरी राजस्थान के शेखावाटी क्षेत्र में भी बादलों की आवाजाही होने की संभावना है।
16 नवंबर से पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में मौसमी गतिविधियां तेज हो सकती हैं। बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहा नया मौसमी सिस्टम इसका कारण बन सकता है।
बारिश का प्रभाव किन जिलों में कितना रहेगा, यह आने वाले दिनों में मौसम प्रणाली की स्थिति पर निर्भर करेगा।
नवंबर में तापमान सामान्य से अधिक बने रहने के पीछे प्रशांत महासागर में अल नीनो की परिस्थितियां और हिंद महासागर में इंडियन ओशन डाइपोल (IOD) की न्यूट्रल स्थिति जैसे वैश्विक मौसमी कारकों को भी एक कारण माना जा रहा है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि अल नीनो का प्रभाव आगामी सर्दियों में भी दिखाई दे सकता है।
फिलहाल प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है।













