राजस्थान में फिर बदलेगा मौसम, 14 और 15 नवंबर को बारिश की संभावना; ठंड बढ़ने के आसार

राजस्थान मौसम: 14 और 15 नवंबर को नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से जोधपुर, बीकानेर और शेखावाटी के कुछ हिस्सों में बादल, तेज हवा और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। 16 नवंबर से तापमान में 2 से 4 डिग्री गिरावट की प्रबल संभावना बताई गई है।

मौसम ब्रेकिंग: दिवाली का त्योहार बीतने के साथ ही शेखावाटी में सर्दी ने दस्तक दे दी है। झुंझुनूं जिले में सुबह और शाम को सर्दी बढ़ने लगी है, लेकिन दिन में तेज धूप के चलते उमस का असर बरकरार है।

मौसम के इस दोहरे मिजाज ने लोगों की दिनचर्या बदलनी शुरू कर दी है। सुबह-शाम गर्म कपड़ों का सहारा लिया जा रहा है, वहीं दोपहर में लोग अभी भी हल्के कपड़ों में नजर आ रहे हैं।

मौसम विज्ञान के अनुसार पिछले 24 घंटे में पिलानी का अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान जताया है।

नए पश्चिमी विक्षोभ से राजस्थान में बदलेगा मौसम

राजस्थान में अगले कुछ दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 14 नवंबर को जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं।

इस दौरान मेघगर्जन के साथ 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कुछ जगह हल्की बारिश होने की संभावना है।

15 नवंबर को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना

अगले दिन 15 नवंबर को बीकानेर संभाग के उत्तरी हिस्सों और शेखावाटी क्षेत्र में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि, राजस्थान के शेष भागों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

16 नवंबर से तापमान में गिरावट, ठंड बढ़ने के संकेत

मौसम विभाग का कहना है कि 16 नवंबर से राज्य के कुछ हिस्सों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट होने की प्रबल संभावना है। तापमान में गिरावट के चलते प्रदेश में ठंड का असर बढ़ सकता है।

बाजारों में गर्म कपड़ों की दुकानें सजीं

सर्दी की आहट के साथ ही बाजारों की रौनक भी बदलने लगी है। शहर की मुख्य सड़कों, बाजारों और फुटपाथों पर गर्म कपड़ों की दुकानें सज गई हैं।

दुकानों और ठेलों पर स्वेटर, कोट, मफलर, दस्ताने और रजाइयां बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। सुबह-शाम बढ़ती ठंड के चलते लोग गर्म कपड़ों की खरीदारी में रुचि दिखाने लगे हैं।

शेखावाटी में दोपहर धूप, शाम होते ही बढ़ती सर्दी

शेखावाटी अंचल में मौसम के दो रंग साफ नजर आ रहे हैं। सूरज निकलने के बाद दोपहर तक तेज धूप के कारण उमस महसूस हो रही है।

वहीं शाम ढलते ही तापमान में गिरावट और सर्द हवा से मौसम का मिजाज बदलने लगता है। रात और सुबह सर्दी का असर ज्यादा महसूस हो रहा है।

न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट के साथ अब सर्दी का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है।

Neha Singh

Neha Singh, Mausam Breaking में Senior Copy & SEO Editor हैं। वे articles की भाषा, headline clarity, search intent, internal linking और overall readability पर काम करती हैं। उनका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि मौसम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी search engines के लिए technically clear होने के साथ-साथ पाठकों के लिए भी उपयोगी और स्वाभाविक बनी रहे।

Website

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

चक्रवात अलर्ट

मौसम श्रेणियाँ