मौसम ब्रेकिंग: उत्तर प्रदेश सरकार ने संभावित शीतलहर के दौरान नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चिकित्सा शिक्षा विभाग ने प्रदेश के सभी राजकीय एवं निजी मेडिकल कॉलेजों तथा उनसे संबद्ध अस्पतालों को अलर्ट जारी किया है। यह कदम ठंड से प्रभावित मरीजों को तत्काल और बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उठाया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार, अस्पतालों में 24 घंटे इमरजेंसी चिकित्सा सेवाएं, पर्याप्त चिकित्सकीय स्टाफ, जीवनरक्षक दवाएं और गर्म वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। महानिदेशक, चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण, उत्तर प्रदेश के निर्देशों में सभी राजकीय मेडिकल कॉलेजों और स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालयों को व्यापक तैयारियां तत्काल सुनिश्चित करने को कहा गया है।
हाइपोथर्मिया और फ्रॉस्टबाइट के मरीजों के लिए इंतजाम
निर्देशों के अनुसार इमरजेंसी विभागों में शीतलहर से प्रभावित मरीजों के लिए पर्याप्त बेड, चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ और जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता रहेगी। हाइपोथर्मिया यानी शरीर के तापमान में अत्यधिक गिरावट और फ्रॉस्टबाइट यानी ठंड से ऊतकों को होने वाले नुकसान के लक्षणों की शीघ्र पहचान कर निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार उपचार पर जोर दिया गया है। गंभीर मरीजों के लिए इमरजेंसी में विशेष गर्म उपचार क्षेत्र यानी वार्म रूम बनाने और जरूरत के अनुसार गर्म कंबल उपलब्ध कराने की बात कही गई है।
नवजात शिशुओं, बच्चों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और हृदय या श्वसन रोगों से पीड़ित मरीजों की विशेष देखभाल के निर्देश भी दिए गए हैं। सामान्य वार्ड, आईसीयू, एनआईसीयू और पीआईसीयू में ठंडी हवा से बचाव की व्यवस्था करने और मानक अनुरूप हीटरों के सुरक्षित उपयोग की बात कही गई है। साथ ही बिजली के तारों और उपकरणों की नियमित जांच तथा अग्निशमन व विद्युत सुरक्षा के इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया है।
एंबुलेंस सेवाओं को पूरी तरह सक्रिय रखने और ऑक्सीजन, आवश्यक दवाओं, थर्मामीटर, मॉनिटरिंग उपकरणों और कंबल का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने के निर्देश हैं। गंभीर मरीजों को जरूरत पड़ने पर उच्च चिकित्सा संस्थानों में तत्काल रेफर करने की प्रभावी व्यवस्था भी सुनिश्चित करने की बात कही गई है।
रिपोर्ट के अनुसार, मेडिकल कॉलेजों के प्रधानाचार्य, निदेशक या उनके द्वारा नामित वरिष्ठ चिकित्साधिकारी प्रतिदिन सुबह, शाम और रात में अस्पतालों का निरीक्षण करेंगे। प्रत्येक मेडिकल कॉलेज में एक वरिष्ठ चिकित्साधिकारी को नोडल अधिकारी बनाने और प्रभावित मरीजों के आंकड़े जिला सर्विलांस इकाई को उपलब्ध कराने का प्रावधान है। तीमारदारों के लिए गर्म बिस्तर और कंबल की व्यवस्था तथा मरीजों व परिजनों में शीतलहर से बचाव की जागरूकता फैलाने की बात भी कही गई है। निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि सभी व्यवस्थाएं तत्काल प्रभाव से लागू होंगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं होगी।














