मौसम ब्रेकिंग: झारखंड के रामगढ़ जिले में तूफान अकवान के कारण मौसम में बदलाव और लगातार बारिश की आशंका से किसान चिंतित हैं। प्रभात खबर की रिपोर्ट के अनुसार धान की कटाई के समय बारिश शुरू होने से किसानों को फसल बर्बाद होने का डर सता रहा है।
किसान रमेश महतो ने बताया कि अधिक बारिश होने पर धान की बालियां जमीन पर गिर सकती हैं, जिससे भारी नुकसान होगा। उन्होंने आशंका जताई कि शनिवार तक बारिश जारी रही, तो फसल को नुकसान तय है। खेतों में लगी सब्जियों के पौधों को भी नुकसान पहुंच सकता है और उनमें कीड़े लगने की आशंका है। मुर्रामकला निवासी किसान जीवन लाल ने कहा कि किसान पूंजी लगाकर खेती कर रहे हैं और बारिश की स्थिति बनी रही तो उन्हें काफी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
कृषि विभाग की सलाह
जिला कृषि पदाधिकारी शुभंकर गुप्ता ने किसानों को फसल सुरक्षा के लिए सलाह दी है। जिन किसानों ने धान की कटाई कर ली है, उन्हें फसल को अच्छी तरह सुखाकर सूखे स्थान पर भंडारित करने और कटी फसल को ढककर रखने को कहा गया है, ताकि बालियों में फफूंद न लगे। जिन किसानों ने अभी कटाई नहीं की है, उन्हें बारिश के बाद फसल सूखने पर ही कटाई करने की सलाह दी गई है।
आलू, सरसों और गेहूं की बुआई कर चुके किसानों को खेतों में पानी जमा न होने देने के लिए नालियां बनाकर पानी निकालने को कहा गया है। मौसम में सुधार होने के बाद आलू, सरसों, गेहूं और गोभी जैसी फसलों की स्थिति का आकलन कर जरूरत के अनुसार दवाओं का छिड़काव करने की सलाह दी गई है।











