मौसम ब्रेकिंग: देशभर में मौसम लगातार करवट ले रहा है और कई राज्यों में बड़े बदलाव देखने को मिल रहे हैं। सुबह के समय हल्की गर्मी का एहसास हो रहा है, तो शाम को ठंडी हवाएं ठंड का एहसास करा रही हैं।
इसी बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 15-16 नवंबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, जिससे इन इलाकों में तापमान में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
दिल्ली-NCR में भी मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। IMD के अनुसार आज आसमान में बादल छाए रहेंगे और सुबह के समय ज़्यादातर इलाकों में हल्का से मध्यम कोहरा रहने की संभावना है।
दिल्ली में अधिकतम तापमान 27°C से 29°C के बीच और न्यूनतम तापमान 14°C से 16°C के बीच रहने का अनुमान है।
दक्षिण भारत में 10 से 16 नवंबर के बीच तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे, तटीय कर्नाटक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना है। 15 नवंबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल तथा 16 नवंबर को केरल और माहे में व्यापक से लेकर काफी व्यापक बारिश के साथ कुछ स्थानों पर आंधी-तूफान, बिजली गिरने और 40-50 किमी प्रति घंटा की तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है, जो 60 किमी प्रति घंटा तक जा सकती हैं।
पहाड़ी इलाकों में IMD ने 14-16 नवंबर के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश में बारिश की संभावना जताई है। वहीं 12 से 16 नवंबर के बीच पंजाब के कुछ इलाकों में बारिश के साथ कुछ हिस्सों में आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और तेज हवाओं की आशंका है।
पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में IMD ने 10 से 14 नवंबर के बीच बिहार, झारखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ इलाकों में आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और 40-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाओं की संभावना जताई है, जो 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती हैं। इसके अलावा 10 से 16 नवंबर के बीच अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के बड़े इलाके में बारिश की उम्मीद है।
पूर्वोत्तर के अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ हिस्सों में 10 से 12 नवंबर के बीच हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
मौसम में तेजी से बदलाव की स्थिति को देखते हुए स्थानीय मौसम अपडेट पर नज़र बनाए रखें और IMD के ताज़ा बुलेटिन की जानकारी समय-समय पर देखते रहें।













