आपदाओं से जान बचाने में समय-पूर्व चेतावनी कारगर, मगर लाखों लोग अब भी सुरक्षा से वंचित

समय-पूर्व चेतावनी: संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने वर्ष 2027 के अंत तक दुनिया के हर व्यक्ति को आपदा चेतावनी प्रणालियों के दायरे में लाने का आह्वान किया है। रिपोर्ट के अनुसार लगभग 136 देशों में ऐसी प्रणालियाँ मौजूद हैं, लेकिन सबसे अधिक जोखिम वाले देशों में अब भी भारी कमी है, और शक्तिशाली अल नीन्यो से खतरा बढ़ने की आशंका है।

मौसम ब्रेकिंग: दुनिया भर में आपदाओं की समय-पूर्व चेतावनी मिलने से लोगों की जान बचाने में मदद मिल रही है, मगर लाखों लोग अब भी इस सुविधा से वंचित हैं। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने बुधवार को वर्ष 2027 के अंत तक दुनिया के हर व्यक्ति को समय-पूर्व चेतावनी प्रणालियों के दायरे में लाने का आह्वान किया।

तुर्किये के अन्ताल्या शहर में जारी संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन (COP31) के दौरान ‘सर्वजन के लिए समय-पूर्व चेतावनी’ पहल पर आयोजित एक उच्चस्तरीय कार्यक्रम में उन्होंने कहा, “किसी की जान केवल इसलिए नहीं जानी चाहिए कि आपदा की चेतावनी देर से मिली या मिली ही नहीं।”

उनकी यह अपील ऐसे समय आई है, जब संयुक्त राष्ट्र आपदा जोखिम न्यूनीकरण कार्यालय (UNDRR) और विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO) की नई रिपोर्ट में समय-पूर्व चेतावनी प्रणालियों के विस्तार में उल्लेखनीय प्रगति सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार, दुनिया के लगभग 70 प्रतिशत देशों, यानि 136 देशों में, अब विभिन्न प्रकार की आपदाओं की समय-पूर्व चेतावनी देने वाली प्रणालियाँ मौजूद हैं।

मार्च 2025 के मुकाबले 17 और देशों में ऐसी व्यवस्था स्थापित हुई है।

हालाँकि, सबसे अधिक जोखिम वाले देशों में अब भी इन प्रणालियों की भारी कमी है। शक्तिशाली अल नीन्यो के कारण आपदाओं का खतरा और बढ़ने की आशंका है।

‘बहु-आपदा पूर्व चेतावनी प्रणालियों की वैश्विक स्थिति 2026’ रिपोर्ट के अनुसार, मजबूत चेतावनी प्रणालियों वाले देशों में अन्य देशों की तुलना में आपदाओं से मृत्यु दर 6.1 गुना और प्रभावित लोगों की संख्या 3.2 गुना कम है।

रिपोर्ट में इसके कई उदाहरण सामने आए हैं। जुलाई 2025 में रूस के कमचटका प्रायद्वीप के पास 8.8 तीव्रता का भूकंप आने के महज़ 10 मिनट के भीतर प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र ने पहली चेतावनी जारी कर दी।

इसके बाद जापान में लगभग 19 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया गया। वहीं, इक्वाडोर के गैलापागोस द्वीपों में 1.3 मीटर ऊँची समुद्री लहरें पहुँचने से कई घंटे पहले 2,300 से अधिक लोगों को खतरे वाले इलाकों से निकाल लिया गया।

मेडागास्कर में फरवरी में चक्रवात गेज़ानी के तट से टकराने से पहले रेड क्रॉस की पूर्व कार्रवाई योजना आंशिक रूप से लागू की गई। इसके तहत लगभग 600 बार घर-घर जाकर लोगों को सतर्क किया गया।

इस पहल से 80 हज़ार से एक लाख लोगों तक चेतावनी पहुँची और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर जाने में मदद मिली। रवांडा के करोंगी ज़िले में एक चाय किसान और उनकी बेटियों को महिला सहकारी समितियों, मोबाइल संदेशों, रेडियो और लाउडस्पीकर के ज़रिये 48 घंटे पहले भारी बारिश की चेतावनी मिली।

इससे उन्हें समय रहते खेतों की मेड़ें मजबूत करने, पानी की निकासी के रास्ते साफ़ करने और चाय की सूखी पत्तियों का सुरक्षित भंडारण करने का समय मिल गया।

संयुक्त राष्ट्र महासचिव के अनुसार, दुनिया के लगभग हर तीसरे देश में अब भी आपदाओं की समय-पूर्व चेतावनी प्रणाली नहीं है। यह कमी विशेष रूप से अल्प विकसित, लघु द्वीपीय विकासशील और हिंसक टकराव से प्रभावित देशों में है।

उन्होंने कहा, “जलवायु संकट पैदा करने में इन देशों का योगदान सबसे कम है, मगर इसकी सबसे पहली और गंभीर मार इन्हीं पर पड़ती है।”

यूएन महासचिव ने बताया कि कुछ यूरोपीय देशों में मौसम की निगरानी करने वाले ऐसे केंद्रों की संख्या पूरे अफ्रीका महाद्वीप से भी अधिक है, जो अंतरराष्ट्रीय मानकों पर खरे उतरते हैं। उन्होंने कहा, “जिस खतरे की निगरानी ही नहीं कर सकते, उसके बारे में लोगों को चेतावनी कैसे देंगे?”

विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO) की प्रमुख सेलेस्टे साउलो ने चेताया कि मौजूदा अल नीन्यो इतना शक्तिशाली हो सकता है कि उसकी तीव्रता मापने के मौजूदा पैमाने भी कम पड़ जाएँ। उन्होंने कहा, “हम अल नीन्यो को रोक नहीं सकते, मगर इसके कई गंभीर मानवीय परिणामों को टाल सकते हैं।”

संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने देशों से समय-पूर्व चेतावनी प्रणालियों को मजबूत और स्थाई बनाने के प्रयास तेज़ करने का आग्रह किया। उनके अनुसार, वर्ष 2022 से अब तक लगभग दो अरब डॉलर जुटाए गए हैं और करीब 160 देशों को सहायता मिल रही है।

उन्होंने कहा कि वित्तीय सहायता मौसम के पूर्वानुमान से लेकर चेतावनी संदेश पहुँचाने और घर-घर जाकर लोगों को सतर्क करने तक, पूरी व्यवस्था के लिए उपलब्ध होनी चाहिए।

रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2025 में 54 देशों में आपदा आने से पहले कार्रवाई की 146 पहल लागू की गईं, जिनसे 96 लाख लोगों को लाभ पहुँचा। संयुक्त राष्ट्र आपदा जोखिम न्यूनीकरण कार्यालय (UNDRR) के प्रमुख कमल किशोर ने कहा कि समय-पूर्व चेतावनी प्रणालियों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है, मगर अब भी बड़ी संख्या में लोग इस सुरक्षा से वंचित हैं।

यूएन महासचिव ने कहा, “जलवायु संकट तेज़ी से बढ़ रहा है। लोगों की सुरक्षा के प्रयास भी उसी रफ़्तार से बढ़ाने होंगे।” उन्होंने हर व्यक्ति तक समय पर आपदा की चेतावनी पहुँचाने का आह्वान किया।

Ankit Sharma

Ankit Sharma, Mausam Breaking में Senior Weather Editor के रूप में मौसम से संबंधित forecasts, alerts और official bulletins पर काम करते हैं। उनकी जिम्मेदारी विभिन्न राज्यों और जिलों से संबंधित मौसम अपडेट को समझना, उपलब्ध आधिकारिक जानकारी को verify करना और उसे आसान भाषा में पाठकों तक पहुँचाना है। वे विशेष रूप से बारिश, आंधी-तूफान, लू, शीतलहर और गंभीर मौसम चेतावनियों से संबंधित समाचारों पर कार्य करते हैं।

Website

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

चक्रवात अलर्ट

मौसम श्रेणियाँ