मौसम ब्रेकिंग: नवंबर का आधा महीना बीतने को है, लेकिन देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज एक बार फिर तेजी से बदल रहा है। मौसम विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान और अलर्ट के मुताबिक, अगले 12 घंटों के भीतर कई राज्यों में मौसम करवट ले सकता है।
कहीं तेज हवाओं के साथ बारिश और आंधी परेशानी बढ़ा सकती है, तो कहीं पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी राज्यों में ठंड बढ़ने के आसार हैं।
जानकारी के मुताबिक, करीब 16 राज्यों में मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है, जहां कुछ इलाकों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। खासकर जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में गरज-चमक, बिजली गिरने और मध्यम से तेज बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
खराब मौसम को देखते हुए विभाग ने लोगों को पेड़ों और कमजोर ढांचों से दूर रहने और आधिकारिक एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी है।
राजधानी दिल्ली में 13 नवंबर को हल्की बारिश और ठंडी हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है।
दिल्ली में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश में तापमान में गिरावट और ठंडी हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। मेरठ, आगरा, मथुरा, गाजियाबाद, बहराइच, गोंडा, कानपुर, लखनऊ, गोरखपुर और प्रयागराज समेत कई जिलों में पारा नीचे आ सकता है।
राज्य में 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलने का अनुमान है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
बिहार में ठंडी हवाओं के चलते 13 नवंबर को तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, भागलपुर और कटिहार समेत कई जिलों में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।
पटना में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
झारखंड के कई जिलों में 13 और 14 नवंबर को मौसम बिगड़ा रह सकता है। गुमला, गढ़वा, रांची, धनबाद, गिरिडीह, बोकारो, हजारीबाग, जमशेदपुर और पलामू में मध्यम से भारी बारिश और आंधी की संभावना है।
इस दौरान करीब 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। रांची में अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में राजौरी, अनंतनाग, बारामूला, रामबन, डोडा और कठुआ समेत कई इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। मौसम विभाग के नाउकास्ट बुलेटिन में 18 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया था, जिसमें बिजली गिरने, बारिश और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।
श्रीनगर में अधिकतम तापमान 12 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में आज भारी बारिश की संभावना है। कुछ जगहों पर गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
वहीं, पंजाब के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है, हालांकि 13 नवंबर के चेतावनी बुलेटिन में राज्य के लिए कोई विशेष अलर्ट नहीं दिया गया है।
मध्य प्रदेश, राजस्थान और पश्चिम बंगाल के ज्यादातर हिस्सों में बारिश को लेकर कोई प्रमुख चेतावनी नहीं है और मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। राजस्थान में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा।












