मौसम ब्रेकिंग: बिहार में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदल रहा है। सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस होने लगी है, जबकि दोपहर में तेज धूप के चलते गर्मी का असर बना हुआ है।
मौसम में हो रहे इस बदलाव के बीच लोगों की नजरें आने वाले दिनों के पूर्वानुमान पर टिकी हैं।
मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार, 12 नवंबर को बिहार के ज्यादातर जिलों में मौसम शुष्क रहने और आसमान साफ रहने की संभावना है। हालांकि, सुबह के समय कई इलाकों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छा सकता है, जिससे विजिबिलिटी प्रभावित होने की आशंका है।
खबर लिखे जाने तक मौसम विभाग ने प्रदेश के किसी भी जिले के लिए कोई विशेष अलर्ट जारी नहीं किया है।
तापमान की बात करें तो उत्तर-पश्चिम और उत्तर-मध्य बिहार के जिलों में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। इन जिलों में पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, समस्तीपुर और मधुबनी शामिल हैं।
दक्षिण और पूर्वी बिहार के जिलों में भी तापमान का रुख लगभग ऐसा ही रहने की संभावना है।
आने वाले दिनों का हाल देखें तो अगले 4 से 5 दिनों तक राज्य के अधिकांश इलाकों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, ऐसे में तापमान लगभग स्थिर बना रह सकता है। दोपहर के समय हल्की गर्मी और सुबह-शाम गुलाबी ठंड का अहसास जारी रहेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटों तक सुबह कुछ इलाकों में कोहरा छा सकता है, इसके बाद आसमान साफ रहने की संभावना है। तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने के साथ आने वाले दिनों में ठंड का असर भी बढ़ सकता है।













