मौसम ब्रेकिंग: छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन प्रदेश में सुबह और रात के समय ठंड धीरे-धीरे बढ़ रही है।
गुरुवार को अंबिकापुर 11.4 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ पूरे प्रदेश में सबसे ठंडा स्थान रहा। उत्तरी छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में ठंड का असर ज्यादा दिख रहा है और लोग सुबह-रात में गर्म कपड़ों का सहारा लेने लगे हैं।
वहीं दुर्ग में दिन का अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा।
राजधानी रायपुर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.9 डिग्री सेल्सियस कम है। शहर का न्यूनतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री नीचे है।
दिनभर आसमान साफ रहा और बारिश नहीं हुई। सुबह 8:30 बजे नमी 81 प्रतिशत थी, जो शाम 5:30 बजे घटकर 55 प्रतिशत रह गई।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में अगले दो दिन मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। आने वाले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है, हालांकि रात के तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।
मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि शुष्क हवाओं से ठंड धीरे-धीरे बढ़ेगी, और मैदानी व पहाड़ी इलाकों में सुबह की ठंड बढ़ सकती है।
रायपुर के लिए 13 नवंबर का पूर्वानुमान बताता है कि शुक्रवार को आसमान पूरी तरह साफ रहने की उम्मीद है। अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है।
सुबह हल्की धुंध और ठंडक महसूस की जा सकती है।
मौसम केंद्र के अनुसार रायपुर में सूर्योदय सुबह 6:13 बजे और सूर्यास्त शाम 5:24 बजे होगा। चंद्रोदय सुबह 9:39 बजे और चंद्रास्त रात 8:28 बजे होने का समय बताया गया है।
बदलते मौसम के साथ दिन छोटे और रातें लंबी होने लगी हैं।












