मौसम ब्रेकिंग: दीपावली बीतने के बाद भी दिल्ली-NCR की हवा साफ होने का नाम नहीं ले रही है। प्रदूषण का स्तर लगातार चिंता बढ़ा रहा है और लोगों को सुबह से लेकर देर रात तक जहरीली हवा में सांस लेनी पड़ रही है।
बुधवार को भी वायु गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में रहने का अनुमान है। कुछ इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 380 के पार पहुंच सकता है।
मौसम विभाग और एयर क्वालिटी फोरकास्ट के अनुसार, आने वाले दिनों में भी प्रदूषण से राहत मिलने की उम्मीद बेहद कम है।
दिल्ली-NCR में ग्रैप-2 लागू होने के बाद भी वायु गुणवत्ता में खास सुधार देखने को नहीं मिल रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, मंगलवार को दिल्ली का AQI 300 से 311 के बीच दर्ज किया गया।
कई इलाकों में यह आंकड़ा 380 से 400 तक पहुंच गया। देर शाम AQI 299 रिकॉर्ड हुआ, जबकि रात करीब 9 बजे यह फिर बढ़कर 304 दर्ज किया गया।
चांदनी चौक, पूसा और NSUT जाफरपुर जैसे इलाकों में AQI 380 से 395 के बीच रहा।
हवा में मौजूद PM2.5 और PM10 के महीन कण प्रदूषण की प्रमुख वजह बने हुए हैं। दिल्ली के साथ नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी हवा की गुणवत्ता खराब बनी हुई है।
हवा की धीमी रफ्तार बढ़ाएगी परेशानी
मौसम विभाग के अनुसार, 11 से 13 नवंबर के बीच हवा की गति कमजोर रहने की संभावना है। इससे प्रदूषक तत्व वातावरण में बने रह सकते हैं और AQI में सुधार की गुंजाइश कम रहेगी।
मौसम में बदलाव के साथ सुबह और शाम धुंध तथा कोहरे जैसी स्थिति भी देखने को मिल सकती है।
15 नवंबर तक बारिश के आसार नहीं
दिल्ली-NCR में अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। हवा की रफ्तार 5 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है।
वहीं, 15 नवंबर तक बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है। बारिश न होने और हवा की कमजोर गति के चलते प्रदूषण से जल्द राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
ऐसे में दिल्ली-NCR के लोगों को अगले कुछ दिनों तक खराब हवा का सामना करना पड़ सकता है। लोगों को सलाह दी गई है कि घर से बाहर निकलते समय मास्क पहनें और जरूरी सावधानियां बरतें।














