मौसम ब्रेकिंग: देश की राजधानी दिल्ली इस समय दिवाली के बाद बढ़े प्रदूषण की चपेट में है। प्रदूषण के चलते लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है।
हालात को देखते हुए स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए कई स्कूलों में हाइब्रिड मोड से पढ़ाई कराई जा रही है।
मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के मुताबिक, 13 से 18 नवंबर के बीच देश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश, आंधी और तूफान की संभावना जताई गई है। हालांकि, राजधानी दिल्ली में फिलहाल बारिश होने के कोई आसार नहीं हैं।
आज शुक्रवार, 13 नवंबर को दिल्ली में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। सुबह के समय राजधानी के कुछ इलाकों में हल्का कोहरा छाया रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार 18 नवंबर तक दिल्ली में मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही बने रहने की संभावना है। इस दौरान सुबह और शाम हल्की ठंड का एहसास होगा, वहीं प्रदूषण से राहत मिलने के आसार कम नजर आ रहे हैं।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार शुक्रवार सुबह 7 बजे तक दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 407 दर्ज किया गया। दिल्ली-NCR के अन्य शहरों में फरीदाबाद में 388, गुरुग्राम में 343, गाजियाबाद में 345, ग्रेटर नोएडा में 352 और नोएडा में 348 AQI दर्ज किया गया।
राजधानी के अधिकांश इलाकों में AQI 300 से ऊपर और 400 के बीच बना हुआ है, जबकि कुछ इलाकों में यह 200 से ऊपर और 300 के बीच है।












