मौसम ब्रेकिंग: दिल्ली-एनसीआर में सर्दी बढ़ने के साथ वायु प्रदूषण की स्थिति भी गंभीर होती जा रही है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, शुक्रवार सुबह 6 बजे दिल्ली के 25 से अधिक इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया।
सबसे खराब स्थिति आईआईटी दिल्ली की रही, जहां AQI का स्तर 487 तक पहुंच गया।
वहीं, नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद में भी प्रदूषण का स्तर काफी अधिक दर्ज किया गया है। शुक्रवार सुबह 6 बजे दिल्ली-एनसीआर का औसत AQI 403 दर्ज किया गया, और दिल्ली के कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर 450 के पार पहुंच गया।
प्रमुख इलाकों में IIT दिल्ली 487, चांदनी चौक 476, नॉर्थ कैंपस DU 476, पूसा 468, NSUT जाफरपुर 461, पंजाबी बाग 456, ITO 453 और JNU 451 का AQI दर्ज किया गया। वहीं, नोएडा सेक्टर-62 में 472, गुरुग्राम के ग्वाल पहाड़ी में 445 और गाजियाबाद के वेव सिटी व वसुंधरा में 405 AQI दर्ज हुआ।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, गुरुवार 12 नवंबर को दिल्ली का अधिकतम तापमान 0.6 डिग्री की गिरावट के साथ 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक था।
आज शुक्रवार 13 नवंबर को दिल्ली में आसमान में हल्के बादल छाए रहने का अनुमान है, दोपहर या शाम तक बादल घने हो सकते हैं। सुबह ज्यादातर इलाकों में धुंध या हल्का कोहरा रह सकता है, और कुछ स्थानों पर मध्यम कोहरे से दृश्यता प्रभावित हो सकती है।
अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जबकि पश्चिम दिशा से 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
IMD ने आने वाले दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव का अनुमान जताया है। अगले दो दिनों में रात के तापमान में धीरे-धीरे करीब 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।
15 नवंबर को तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, जबकि 16 से 19 नवंबर के बीच रात का तापमान 3 से 5 डिग्री तक गिर सकता है।











