मौसम ब्रेकिंग: नवंबर का महीना आते ही देशभर के मौसम का मिजाज बदल गया है। उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में सुबह और शाम के समय ठंड का अहसास बढ़ता जा रहा है, जबकि दिन के तापमान में भी लगातार कमी दर्ज की जा रही है।
उत्तर भारत में अब एसी और कूलर बंद हो चुके हैं।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 12 नवंबर 2026 के लिए मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। IMD के अनुसार, 12 नवंबर को देश के कुल 15 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण 13 नवंबर तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में भारी बारिश और बर्फबारी होने की प्रबल संभावना है। साथ ही 13 नवंबर के आसपास दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दाब क्षेत्र बनने का अनुमान है, जिसके प्रभाव से दक्षिण भारत के कई राज्यों में मौसम प्रभावित रहेगा।
दिल्ली-एनसीआर में ठंड और प्रदूषण: राजधानी दिल्ली और एनसीआर में रात के समय तापमान में तेजी से गिरावट देखी जा रही है, जिससे सुबह हल्की ठंडक और धुंध का अहसास हो रहा है। मौसम विभाग ने 11 नवंबर से 16 नवंबर तक सुबह के समय धुंध या हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है।
आने वाले दिनों में दिल्ली का न्यूनतम तापमान लगभग 14 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। 12 नवंबर को दिल्ली और आसपास के इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, अधिकतम तापमान 27°C से 29°C और न्यूनतम तापमान 15°C से 17°C के बीच रहने की उम्मीद है।
इसी बीच दिल्ली-एनसीआर की हवा लगातार खराब श्रेणी में बनी हुई है। चांदनी चौक में AQI 383, बुराड़ी क्रॉसिंग में 366, सीआरआरआई मथुरा रोड पर 349, कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 337, बुराड़ी में 319 और चावला में 398 दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान के बेहद करीब है।
नोएडा के सेक्टर-62 में AQI 373 और सेक्टर-125 में 317 रिकॉर्ड हुआ।
उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान: 12 नवंबर को उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। बिहार में भी 12 नवंबर को मौसम साफ और सूखा रहेगा, हालांकि 13 नवंबर के बाद कुछ स्थानों पर बारिश के आसार जताए गए हैं।
राजस्थान में अगले तीन से चार दिन मौसम आमतौर पर सूखा रहने की संभावना है, जबकि एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 14 और 15 नवंबर को राज्य के पश्चिमी और उत्तरी भागों में आंशिक बादल और कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। 15 नवंबर के बाद अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी: जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ का व्यापक असर देखा जा रहा है। 12 नवंबर को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना है, साथ ही आंधी-तूफान, बिजली गिरने और ओलावृष्टि का अलर्ट भी जारी किया गया है।
हिमाचल प्रदेश में कहीं-कहीं गरज के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका है, जबकि उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर में बारिश: 13 नवंबर को बंगाल की खाड़ी में बनने वाले निम्न दाब क्षेत्र के प्रभाव से दक्षिण भारत में मौसम बदलेगा। तमिलनाडु के शिवगंगा, रामनाथपुरम, तूतीकोरिन और तिरुनेलवेली जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है, जबकि तंजावुर, मदुरै, डिंडीगुल, विरुधुनगर, तेनकासी और कन्याकुमारी सहित कई जिलों में मध्यम बारिश की उम्मीद है।
IMD के 12 नवंबर के राज्यवार अलर्ट के अनुसार जम्मू, कश्मीर, लद्दाख, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में भारी बारिश, जबकि अंडमान-निकोबार, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, सिक्किम और लक्षद्वीप में मध्यम बारिश के आसार हैं। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और पश्चिम बंगाल में हल्की बारिश का अलर्ट है।













