मौसम ब्रेकिंग: हरियाणा में मौसम करवट ले रहा है, जिसके कारण ठंड बढ़ने लगी है। इसके साथ ही रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
जानकारी के अनुसार प्रदेश के 13 जिलों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया।
पंचकूला के AWS स्टेशन पर पारा सबसे कम 10.8 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं हिसार में न्यूनतम तापमान 14.7 डिग्री, करनाल में 13 डिग्री और रोहतक में 14.8 डिग्री दर्ज हुआ।
हिसार के कृषि मौसम विज्ञान केंद्र में अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा रहा।
विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक 11 नवंबर को प्रदेश में न्यूनतम तापमान में औसतन 0.7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, हालांकि मौसम विभाग के अनुसार यह तापमान अभी सामान्य के आसपास है। दिन के तापमान में औसतन 0.2 डिग्री की गिरावट आई है।
वायु गुणवत्ता की बात करें तो 11 नवंबर की रिपोर्ट में सिरसा 369 AQI के साथ देश का सबसे प्रदूषित शहर रहा। हिसार 361 AQI के साथ दूसरे और पंचगांव 339 AQI के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
बल्लभगढ़ 328 और भिवानी 326 AQI के साथ भी देश के सबसे प्रदूषित शहरों में शामिल रहे। दिल्ली का AQI 313 रहा।
मौसम विभाग के मुताबिक 16 नवंबर तक मौसम आमतौर पर खुश्क, लेकिन परिवर्तनशील रहने की संभावना है। 12 नवंबर को पश्चिमी विक्षोभ का आंशिक प्रभाव रहेगा।
इसके बाद 13 से 15 नवंबर के बीच बीच-बीच में आंशिक बादल छाने और हल्की से मध्यम गति से हवाएं चलने के आसार हैं।












