मौसम ब्रेकिंग: देशभर में मौसम का रुख 12 नवंबर गुरुवार को एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार कुछ जगहों पर बारिश होगी, जबकि कई इलाकों में मौसम साफ रहने का अनुमान है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक एक पश्चिमी विक्षोभ के कारण 13 नवंबर तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। विभाग ने 15 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में कल भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना है। इसके साथ ओलावृष्टि, तेज आंधी-तूफान और बिजली गिरने का अलर्ट भी जारी किया गया है।
उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना है, जबकि हिमाचल प्रदेश में कहीं-कहीं आंधी-तूफान आ सकता है।
तमिलनाडु में बंगाल की खाड़ी में 13 नवंबर को लो प्रेशर एरिया बनने की संभावना के चलते शिवगंगा, रामनाथपुरम, तूतीकोरिन और तिरुनेलवेली जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है।
दिल्ली-एनसीआर में 11 से 16 नवंबर तक सुबह के समय कोहरा या धुंध रहने की बात कही गई है। दिल्ली में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा।
उत्तर प्रदेश और बिहार में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। राजस्थान में अगले तीन-चार दिन मौसम अधिकतर सूखा रहेगा, हालांकि 14-15 नवंबर को कुछ भागों में बादल और बूंदाबांदी हो सकती है।
इन राज्यों में भारी बारिश: जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल। मध्यम बारिश: अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, सिक्किम और लक्षद्वीप।
हल्की बारिश: हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और पश्चिम बंगाल।
मौसम में बदलाव की स्थिति को देखते हुए नागरिकों को IMD के नवीनतम बुलेटिन पर नजर बनाए रखने की सलाह दी जाती है।











