मौसम ब्रेकिंग: हिमाचल प्रदेश में सर्दियों ने अब अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। राजधानी शिमला से लेकर कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और बिलासपुर तक आज आसमान में बादलों ने डेरा जमाए रखा।
सुबह से ही घने बादल छाए रहे और धूप के दर्शन भी कम ही हुए।
हालांकि, दिनभर बादलों की आवाजाही के बावजूद प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश नहीं हुई, लेकिन मौसम के बदले मिजाज ने ठंड बढ़ा दी है। पहाड़ी क्षेत्रों में ठंडी हवाओं के चलते तापमान में गिरावट महसूस की जा रही है और लोगों को अब बारिश और बर्फबारी का इंतजार है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश में 15 नवंबर तक मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान जताया है। मौसम विभाग के अनुसार 13 नवंबर को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है।
कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में गरज-चमक और आंधी-तूफान को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों और कमजोर ढांचों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है।
चंबा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति की ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात हो सकता है, जबकि मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। 13 नवंबर के बाद 14 और 15 नवंबर को भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है, हालांकि पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कुछ कमजोर पड़ने की संभावना है।
16 नवंबर से प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने अगले तीन से चार दिनों में तापमान में बड़ी गिरावट का अनुमान जताया है। न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 2 से 6 डिग्री सेल्सियस तक नीचे जा सकता है।
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद शीतलहर जैसी परिस्थितियां भी बन सकती हैं। बीते 24 घंटों में कुकुमसेरी में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान माइनस 2.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने किसानों को खड़ी फसलों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने और पर्यटकों को ताजा मौसम अपडेट लेकर ही ऊंचाई वाले पर्यटन स्थलों की ओर जाने की सलाह दी है। बर्फबारी की स्थिति में पहाड़ी सड़कों पर फिसलन बढ़ सकती है।











