मौसम ब्रेकिंग: हिमाचल प्रदेश में बीते 24 घंटों में मौसम शुष्क बना रहा, हालांकि ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी दर्ज की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक आज भी प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है, जबकि मध्यम पर्वतीय इलाकों और निचले व मैदानी क्षेत्रों में मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा।
मौसम विभाग ने आगामी दो दिनों तक प्रदेश में बारिश और बर्फबारी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। 12 और 13 नवंबर को प्रदेशभर में हल्की बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है, साथ ही मेघ गर्जना, बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने को लेकर भी येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने 12 नवंबर को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी में खराब मौसम को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं 13 नवंबर को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में बारिश-बर्फबारी एवं तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट है।
मौसम विभाग के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ प्रदेश में सक्रिय है, जिसके चलते आगामी 3 दिन तक मौसम खराब रहने की संभावना है।
14 नवंबर को ऊंचाई और मध्यम पर्वतीय इलाकों में बारिश-बर्फबारी की संभावना है, जबकि निचले व मैदानी इलाकों में मौसम साफ रहेगा। 15 नवंबर से प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है।
तापमान की बात करें तो प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं आया है। मौसम विभाग के मुताबिक ऊंचे पहाड़ी इलाकों में न्यूनतम तापमान -01 से 09 ℃, मध्यम पर्वतीय इलाकों में 07 से 13 ℃ और निचले व मैदानी इलाकों में 08 से 18 ℃ के बीच रहा है।
अधिकतम तापमान ऊंचे पर्वतीय इलाकों में 14 से 18 ℃, मध्य पहाड़ी इलाकों में 20 से 28 ℃ और निचले व मैदानी इलाकों में 25 से 32 ℃ दर्ज किया गया है। कुकुमसेरी में सबसे कम -1.3 ℃ न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया, जबकि ऊना में सबसे ज्यादा 32.0 ℃ अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।













