मौसम ब्रेकिंग: हिमाचल प्रदेश में मौसम के मिजाज में बदलाव के बीच वीरवार को कुल्लू और जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी हुई। रोहतांग दर्रा, ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क और पिन पार्वती की पहाड़ियों पर बर्फ के फाहे गिरे।
रोहतांग में पर्यटकों ने बर्फ के बीच समय बिताया और इसका आनंद लिया।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 13 नवंबर को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में गर्जना के साथ बिजली चमकने का येलो अलर्ट है। 14 नवंबर को चंबा और कांगड़ा में मेघगर्जन और बिजली चमकने का पूर्वानुमान है।
15 और 16 नवंबर के लिए किसी भी जिले में विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। 16 नवंबर से प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
तापमान की बात करें तो ऊना में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।












