मौसम ब्रेकिंग: हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी हो रही है, जिससे ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। किन्नौर, लाहौल-स्पीति और चंबा जिले की ऊंची चोटियों पर रुक-रुक कर हल्का हिमपात जारी है।
दूसरी ओर, प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों शिमला और मनाली में सुबह से ही घने बादल छाए हुए हैं। राज्य के निचले और मैदानी इलाकों में भी दिन भर धूप और बादलों के बीच आंखमिचौली का खेल जारी है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में आगामी 15 नवंबर तक मौसम खराब बना रहेगा। मौसम विभाग ने 14 नवंबर तक राज्य के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने और तेज अंधड़ चलने का येलो अलर्ट जारी किया है।
विभाग की चेतावनी के अनुसार, 12 नवंबर को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में येलो अलर्ट रहेगा। 13 नवंबर को शिमला, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में खराब मौसम को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
14 नवंबर को चंबा और कांगड़ा जिलों में आंधी और आसमानी बिजली गिरने के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने राहत की खबर देते हुए बताया है कि 16 से 18 नवंबर तक पूरे राज्य में मौसम पूरी तरह साफ रहेगा और धूप खिलेगी।
बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में 0.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति का कुकुमसेरी राज्य में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे -2.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
ताबो में 0.1 डिग्री सेल्सियस, केलंग में 0.6 डिग्री सेल्सियस, कल्पा में 3.2 डिग्री सेल्सियस, मनाली और सेऊबाग में 6.0 डिग्री सेल्सियस, सोलन में 7.2 डिग्री सेल्सियस, मंडी में 8.4 डिग्री सेल्सियस, चंबा में 9.6 डिग्री सेल्सियस और राजधानी शिमला में 10.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। सबसे अधिक न्यूनतम तापमान पांवटा साहिब में 18.0 डिग्री सेल्सियस रहा।











