कुल्लू में बर्फबारी से वाहनों की रफ्तार थमी, जलोड़ी जोत में फंसे पर्यटक सुरक्षित रेस्क्यू

जलोड़ी जोत बर्फबारी: हिमाचल के कुल्लू जिले में बर्फबारी से बारानाला के पास सड़क पर करीब एक इंच बर्फ जमने के कारण छोटे और बड़े वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है। पुलिस ने फंसे पर्यटकों को सुरक्षित निकाला और रात में जलोड़ी जोत न जाने की अपील की है। मौसम विभाग ने 13-14 नवंबर को पांच जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम ब्रेकिंग: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में जलोड़ी जोत और आसपास के क्षेत्रों में हुई बर्फबारी से यातायात प्रभावित हो गया है। बारानाला के पास सड़क पर करीब एक इंच बर्फ जमने के कारण मार्ग छोटे और बड़े वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हो गया है।

सड़क पर फिसलन बढ़ने से पर्यटकों और वाहन चालकों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं।

बर्फबारी के बीच जलोड़ी जोत के समीप फंसे पर्यटकों को सुरक्षित निकालने के लिए जिला पुलिस की रेस्क्यू टीम ने अभियान चलाया। इस दौरान करीब 8 दोपहिया वाहनों और 12 पैदल यात्रियों एवं ट्रैकर्स को सुरक्षित रेस्क्यू कर सरकारी वाहन के माध्यम से सोझा पहुंचाया गया।

इसके अलावा दो छोटे वाहनों को टो करके जलोड़ी टॉप पार करवाया गया। वापसी के दौरान कुछ वाहन चालकों को गाड़ागुशैणी मार्ग से सुरक्षित भेजा गया।

स्थिति को देखते हुए पुलिस ने सोझा, घियागी और जिभी के स्थानीय लोगों तथा टैक्सी चालकों को पर्यटकों को जलोड़ी जोत की ओर जाने से रोकने और सड़क की मौजूदा स्थिति के बारे में जागरूक करने के निर्देश दिए हैं। जिला कुल्लू पुलिस ने अपील की है कि रात के समय जलोड़ी जोत की ओर वाहन लेकर न जाएं और मौसम व सड़क की स्थिति सामान्य होने तक इस मार्ग की यात्रा स्थगित रखें।

बर्फ से ढकी और फिसलन भरी सड़क पर वाहन चलाने का जोखिम न उठाएं तथा पुलिस एवं प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें।

मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में 10 नवंबर से मौसम बिगड़ने की चेतावनी दी है। 13 और 14 नवंबर को शिमला सहित पांच जिलों में गर्जन, बिजली कड़कने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे से तेज हवाओं के चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

Deepak Kumar

Deepak Kumar, Mausam Breaking के Regional Weather Correspondent हैं। वे उत्तर भारत के राज्यों में बदलते मौसम, बारिश, तापमान, आंधी-तूफान और स्थानीय weather alerts से संबंधित updates पर कार्य करते हैं। उनका फोकस regional और district-level weather information को समय पर पाठकों तक पहुँचाने पर रहता है।

Website

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

चक्रवात अलर्ट

मौसम श्रेणियाँ