कश्मीर में बर्फबारी का आगाज: गुलमर्ग से गुरेज तक बर्फ की चादर, 12-13 नवंबर को भारी बर्फबारी का पूर्वानुमान

कश्मीर बर्फबारी: जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ के असर से 11 नवंबर से ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी शुरू हुई है। मौसम विभाग ने 12 और 13 नवंबर को कुपवाड़ा, गुरेज, गुलमर्ग और सोनमर्ग में मध्यम से भारी बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया है।

मौसम ब्रेकिंग: जम्मू-कश्मीर में मौसम ने करवट ले ली है। बुधवार को हुई ताजा बर्फबारी ने कश्मीर की ऊंची पहाड़ियों और पर्यटन स्थलों का नजारा बदल दिया है।

गुलमर्ग के कोंगडूरी से लेकर गुरेज, सोनमर्ग और द्रास तक कई ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। ताजा बर्फबारी के बीच गुलमर्ग पहुंचे पर्यटक भी खुशनुमा मौसम का आनंद लेते नजर आए।

मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 11 नवंबर से जम्मू-कश्मीर के मैदानी इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने 12 और 13 नवंबर को कुपवाड़ा, बांदीपोरा के गुरेज सेक्टर, गुलमर्ग और सोनमर्ग के ऊंचे इलाकों में मध्यम से भारी बर्फबारी होने का पूर्वानुमान जताया है।

मध्य और दक्षिण कश्मीर की पीर पंजाल पर्वत शृंखला के ऊपरी इलाकों में भी हिमपात की संभावना है।

मौसम के बिगड़ते मिजाज और संभावित भारी बर्फबारी को देखते हुए बांदीपोरा प्रशासन ने पर्यटकों की गुरेज यात्रा पर अस्थायी रोक लगा दी है। घाटी में ठहरे पर्यटकों को जिला नियंत्रण कक्ष के साथ समन्वय बनाकर जल्द वापसी की योजना तैयार करने की सलाह दी गई है।

प्रशासन ने लोगों से ऊंचाई वाले इलाकों में अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

मौसम विभाग के अनुसार, श्रीनगर सहित कश्मीर के मैदानी इलाकों और जम्मू संभाग के कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं। इसके चलते अधिकतम तापमान में छह से आठ डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे ठंड का असर और बढ़ेगा।

हालांकि, 14 और 15 नवंबर से मौसम में सुधार होने की संभावना जताई गई है।

प्रशासन ने पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाली उन गर्भवती महिलाओं को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में पहुंचने की सलाह दी है, जिनका प्रसव अगले एक महीने के भीतर संभावित है। वहीं 15 नवंबर को होने वाली वित्त विभाग की लेखा सहायक परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों से भी समय रहते अपने परीक्षा केंद्रों के नजदीक पहुंचने की अपील की गई है।

आपात स्थिति में सहायता के लिए बांदीपोरा जिला नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर 7006526985, 7006630771 और 7006328689 जारी किए गए हैं।

संभावित भारी बर्फबारी को देखते हुए गांदरबल प्रशासन ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला उपायुक्त श्रेया सिंघल ने मंगलवार को तुलबाग स्थित स्नो क्लीयरेंस कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

अधिकारियों के अनुसार जिले में बर्फ हटाने के लिए 12 मशीनें उपलब्ध हैं, जिनमें से तीन मशीनें कंगन सब-कंट्रोल रूम में तैनात की गई हैं। इसके अलावा 284.18 किलोमीटर सड़क को मशीनों के माध्यम से बर्फ हटाने के लिए चिह्नित किया गया है।

प्रशासन ने जरूरी मार्गों पर प्राथमिकता के आधार पर यातायात बहाल रखने की व्यवस्था की है।

Aditi Chauhan

Aditi Chauhan, Mausam Breaking के Explainers Desk से जुड़ी हैं। वे मानसून, चक्रवात, पश्चिमी विक्षोभ, El Niño, La Niña और अन्य मौसम प्रणालियों से जुड़े विषयों को सरल भाषा में समझाने वाले articles तैयार करती हैं। उनका उद्देश्य जटिल मौसम विज्ञान संबंधी विषयों को आम पाठकों के लिए आसान और उपयोगी बनाना है।

Website

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

चक्रवात अलर्ट

मौसम श्रेणियाँ