मौसम ब्रेकिंग: जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में पिछले 24 घंटों के दौरान भारी बर्फबारी हुई है। गुलमर्ग के स्की रिसॉर्ट और सोनमर्ग के पर्यटन स्थल बर्फ की सफेद चादर से ढक गए हैं।
ताजा बर्फबारी से पर्यटकों में उत्साह है, लेकिन कई पहाड़ी दर्रों पर बर्फ जमने के कारण यातायात प्रभावित हुआ है।
बर्फबारी के कारण घाटी को दूसरे इलाकों से जोड़ने वाले कई महत्वपूर्ण मार्गों पर आवागमन मुश्किल हो गया है। इनमें श्रीनगर-लेह हाईवे, मुगल रोड पर पीर की गली, किश्तवाड़ की ओर जाने वाला सिंथन दर्रा, गुरेज की ओर जाने वाला राजदान दर्रा और तंगधार व करनाह की ओर जाने वाला साधना टॉप शामिल हैं।
घाटी में भारी बर्फबारी के साथ पिछले 24 घंटों में जमकर बारिश भी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, आज दोपहर तक मौसम खराब रहने का अनुमान है।
इसके साथ ही तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। बारिश और बर्फबारी से घाटी के झरनों, कुओं, झीलों और अन्य जल स्रोतों में पानी का स्तर बढ़ने तथा जल प्रवाह बेहतर होने की उम्मीद जताई गई है।
मौसम विभाग ने किसानों को कटी हुई फसल सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी है। ऊंचाई वाले इलाकों में मध्यम से भारी बर्फबारी के कारण पहाड़ी दर्रों और सड़कों पर यातायात बाधित हो सकता है।
यात्रियों, ट्रांसपोर्टरों और पर्यटकों को राज्य यातायात विभाग की मौसम संबंधी सलाह का पालन करने और यात्रा से पहले सड़क की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।











