मौसम ब्रेकिंग: बिहार के दार्जिलिंग के नाम से मशहूर किशनगंज जिला अपनी प्राकृतिक खूबसूरती और भौगोलिक विशेषताओं के लिए अलग पहचान रखता है। यहां की हरियाली, चाय के बागान, खुला आसमान और मनोरम प्राकृतिक दृश्य पहले से ही लोगों को आकर्षित करते रहे हैं।
मौसम साफ होने पर किशनगंज जिले के ठाकुरगंज सहित कई इलाकों से दूर क्षितिज पर हिमालय की बर्फ से ढकी ऊंची चोटियां दिखाई देती हैं। इनमें विश्व की तीसरी सबसे ऊंची पर्वत चोटी कंचनजंघा का नजारा विशेष रूप से रोमांचित कर देने वाला होता है।
सुबह के समय जब आसमान पूरी तरह साफ रहता है और वातावरण में धुंध कम होती है, तब दूर उत्तर दिशा की ओर हिमालय की विशाल पर्वत श्रृंखला अपनी अद्भुत छटा बिखेरती नजर आती है। बर्फ से ढकी चोटियों पर पड़ती सूर्य की सुनहरी किरणें दृश्य को और भी आकर्षक बना देती हैं।
ठाकुरगंज क्षेत्र के अलावा दिघलबैंक के मैदानों और बहादुरगंज, किशनगंज के कुछ अन्य ऊंचे और खुले स्थानों से भी मौसम अनुकूल रहने पर इन पर्वत चोटियों का दीदार किया जा सकता है। हालांकि, यह दृश्य हमेशा दिखाई नहीं देता।
मानसून के दौरान बादलों, धुंध और वातावरण में नमी के कारण पर्वत चोटियां अक्सर नजरों से ओझल रहती हैं। सर्दियों में मौसम साफ रहने पर इनके दिखाई देने की संभावना बढ़ जाती है।
किशनगंज की यह प्राकृतिक विशेषता पर्यटन की दृष्टि से भी काफी महत्वपूर्ण है। जिले में पहले से मौजूद चाय बागान, हरियाली और नेपाल तथा पश्चिम बंगाल की सीमा से जुड़ी भौगोलिक स्थिति के साथ हिमालय का यह नजारा पर्यटन की संभावनाओं को और मजबूत कर सकता है।
एक तरफ राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली प्रदूषण की मार झेल रही है और लोग बेहाल हैं, वहीं दूसरी ओर बिहार के किशनगंज जिले में मौसम साफ होने के कारण यह नजारा हर वर्ष देखने को मिलता है।
किशनगंज शहर के पर्यावरण प्रेमी अधिवक्ता सुनील भारुका के अनुसार इस प्राकृतिक खूबसूरती को पर्यटन के नक्शे पर उचित पहचान मिलनी चाहिए। यदि स्थानीय स्तर पर ऐसे स्थानों को चिह्नित कर पर्यटन सुविधाओं का विकास किया जाए, तो किशनगंज बिहार के प्रमुख प्राकृतिक पर्यटन स्थलों में अपनी अलग पहचान बना सकता है।
किशनगंज की धरती से कंचनजंघा का दीदार यहां की प्राकृतिक विरासत का एक अनमोल आकर्षण है।













