मौसम ब्रेकिंग: भारत के विभिन्न हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल रहा है। मध्य और उत्तरी क्षेत्रों में तापमान में गिरावट शुरू हो गई है, जबकि कई राज्यों के लिए बारिश और बर्फबारी के अलर्ट जारी किए गए हैं।
उत्तर प्रदेश के 15 शहरों में सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता में कमी आई और सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। फॉग अलर्ट से प्रभावित स्थानों में संभल, हापुड़, बिजनौर और शामली जैसे शहर शामिल रहे।
हरदोई में न्यूनतम तापमान 13.5°C और बरेली में 14.2°C दर्ज किया गया। कम दृश्यता वाले इलाकों में यात्रियों और चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मध्य प्रदेश में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ रहा है, जहां 17 शहरों में न्यूनतम तापमान 15°C से नीचे चला गया है। अमरकंटक और करौंदी में तापमान 12°C से नीचे दर्ज किया गया है।
भोपाल स्थित मौसम केंद्र के अनुसार, अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट आ सकती है, जिससे कई जिलों में तड़के और रात के समय ठंड बढ़ेगी।
बिहार में मौसम के दो रंग देखने को मिल रहे हैं। सुबह और रातें अपेक्षाकृत ठंडी हैं, जबकि दिन में धूप खिलने से दोपहर में गर्माहट महसूस हो रही है।
IMD ने जमुई, मुंगेर और बांका समेत पांच जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है, जहां गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। राजधानी पटना में मौसम मुख्य रूप से सामान्य रहने की उम्मीद है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण चिंता का विषय बना हुआ है। बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे एम्स के पास AQI 322 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है।
सांस या हृदय संबंधी समस्याओं से पीड़ित लोगों, बच्चों और बुजुर्गों को बाहरी गतिविधियों से बचने की सलाह दी गई है।
इस समय देश में तीन मुख्य मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। पश्चिमी विक्षोभ के कारण IMD के पूर्वानुमान के अनुसार जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और आसपास के इलाकों में 13 नवंबर तक बारिश और बर्फबारी की संभावना है, जिससे ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क संपर्क प्रभावित हो सकता है।
दक्षिण भारत में उत्तर-पूर्वी मानसून सक्रिय है, और तमिलनाडु, पुडुचेरी व कराईकल में 11 नवंबर को भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा IMD ने 13 नवंबर के आसपास बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने का अनुमान जताया है, जिसके प्रभाव से आने वाले दिनों में दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है।
मछुआरों को दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में समुद्र में न जाने की चेतावनी दी गई है।












