मौसम ब्रेकिंग: मध्य प्रदेश में तापमान लगातार गिर रहा है, जिससे ठंड बढ़ती जा रही है। प्रदेश के 20 शहरों का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है।
कटनी जिले के करौंदी में एक बार फिर सबसे ज्यादा ठंड रही। यहां पारा 11 डिग्री से नीचे बना हुआ है।
बीती रात यहां तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं इंदौर-भोपाल में पचमढ़ी से भी ज्यादा सर्दी महसूस की जा रही है।
बीती रात के अन्य आंकड़ों के अनुसार दमोह में 11 डिग्री, इंदौर में 11.1 डिग्री, कल्याणपुर में 11.4 डिग्री, शाजापुर में 11.6 डिग्री, भोपाल में 12.2 डिग्री, मलाजखण्ड में 12.5 डिग्री तथा जबलपुर, उमरिया और रायसेन में 12.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 5 दिनों के भीतर न्यूनतम तापमान 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक और गिर सकता है। अगले हफ्ते ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में उत्तरी हवाओं के कारण ठंड और बढ़ने की संभावना है।
विभाग के मुताबिक उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के साथ 14 और 15 नवंबर को राजस्थान के बीकानेर संभाग में पश्चिमी विक्षोभ के असर से बारिश होने की संभावना है। इससे मध्य प्रदेश में उत्तरी हवाओं का असर बढ़ सकता है।
फिलहाल आज मध्य प्रदेश में कहीं भी आंधी या बारिश का अलर्ट नहीं है। नवंबर के तीसरे और चौथे सप्ताह में नया मौसम सिस्टम सक्रिय होने से हल्की बारिश होने के आसार बताए गए हैं।












