मौसम ब्रेकिंग: मध्यप्रदेश में सर्दी का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। प्रदेश के 17 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है।
अमरकंटक और करौंदी में पारा 12 डिग्री से भी नीचे दर्ज किया गया है। खास बात यह है कि राजधानी भोपाल और जबलपुर प्रदेश के इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी से भी ज्यादा ठंडे रहे।
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। इससे रात और सुबह के समय ठंड का असर और बढ़ सकता है।
खासकर खुले इलाकों और ग्रामीण क्षेत्रों में तापमान में ज्यादा गिरावट महसूस हो सकती है। मौसम में बदलाव के साथ सुबह के समय हल्का कोहरा भी दिखाई देने लगा है, वहीं रात 8 बजे के बाद कई शहरों में धुंध छाने की स्थिति बन रही है।
अमरकंटक में सबसे ज्यादा ठंड
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अमरकंटक और कटनी जिले का करौंदी सबसे ठंडे इलाके बने हुए हैं। बीती रात अमरकंटक में न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि करौंदी में पारा 11.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
इंदौर में भी पारा 14 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
भोपाल-उज्जैन में AQI 400 के पार
ठंड बढ़ने के साथ वायु प्रदूषण की समस्या भी गंभीर होती जा रही है। दिवाली के बाद भोपाल और उज्जैन में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के पार पहुंच गया है।
बताया जा रहा है कि पिछले पांच साल में यह तीसरी बार है, जब दोनों शहरों में AQI इस स्तर तक पहुंचा है। इसके अलावा ग्वालियर, इंदौर, देवास, जबलपुर, मंडीदीप, सिंगरौली, पीथमपुर और कटनी समेत कई शहरों में भी वायु गुणवत्ता प्रभावित हुई है।
प्रदूषण बढ़ने से सांस संबंधी परेशानी वाले लोगों, बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
आंधी-बारिश का अलर्ट नहीं
मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार को मध्यप्रदेश के किसी भी जिले में आंधी या बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। पिछले एक सप्ताह से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में आंधी और बारिश का दौर देखने को मिला था।
अब बारिश की गतिविधियां थमने के बाद रात के तापमान में गिरावट का दौर शुरू हो गया है और आने वाले दिनों में मौसम शुष्क रहने और ठंड बढ़ने की संभावना है।
अगले चार दिनों में तापमान में और गिरावट के अनुमान के बीच लोगों को सुबह और रात के समय ठंड से बचाव के साथ प्रदूषण को लेकर भी सतर्क रहने की जरूरत है।











