मौसम ब्रेकिंग: बिहार के नवादा जिले में सुबह के हल्के कोहरे के साथ प्रदूषण का स्तर खतरनाक श्रेणी में पहुंच गया है। सोमवार को जिले का वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी एक्यूआई 161 दर्ज किया गया, जो पिछले पांच वर्षों में पहली बार इतना ऊंचा स्तर है।
नवंबर के शुरुआती दिनों में ही इस साल प्रदूषण का ग्राफ पिछले सभी रिकॉर्ड पार कर चुका है। सोमवार की सुबह शहर में घना कोहरा तो नहीं था, लेकिन दृश्यता 50 मीटर से भी कम दर्ज की गई।
हवा में घुले प्रदूषण और कोहरे के मिश्रण से एक्यूआई 161 तक पहुंच गया। इसके साथ ही पीएम 2.5 का स्तर 161 और पीएम 10 का स्तर 134 तक पहुंचा है।
जानकारों का मानना है कि दीपावली के दौरान छोड़े गए पटाखों का धुआं भी इस स्थिति के पीछे एक अहम वजह रहा है। तुलनात्मक आंकड़ों के अनुसार साल 2022 से हर साल नवंबर में हवा जहरीली रही है, लेकिन 2026 में स्थिति सबसे अधिक गंभीर बताई जा रही है।
चिकित्सीय हलकों में भी चिंता जताई जा रही है। डॉ.
सबा अहमद के अनुसार इस दूषित हवा में सांस लेने से श्वसन तंत्र की तकलीफें, फेफड़े और हृदय संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं। खासकर छोटे बच्चों में ब्रोंकाइटिस जैसी समस्याओं की आशंका बढ़ने पर अभिभावकों को विशेष सावधानी रखने की जरूरत है।
मौसम विशेषज्ञ रौशन कुमार के मुताबिक तापमान में अभी बड़ी गिरावट दर्ज नहीं हुई है और अगले दो-तीन दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रह सकता है। हालांकि अगले एक सप्ताह में ठंड में उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना जताई गई है, क्योंकि मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।













