मौसम ब्रेकिंग: देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। दक्षिण भारत के तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, आंध्र प्रदेश, केरल और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना है।
वहीं पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के सक्रिय होने से हिमालयी क्षेत्रों जैसे कि उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बारिश के साथ-साथ ऊंचे पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के पूरे आसार हैं।
दूसरी ओर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुबह के समय कोहरा छाया रहेगा और दोपहर में गर्मी के साथ-साथ वायु प्रदूषण की स्थिति बेहद खराब बनी रह सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।












