मौसम ब्रेकिंग: बरेली जिले में मौसम में बदलाव का सिलसिला जारी है। पीलीभीत रोड पर कोहरा छाया रहा।
एकीकृत मौसम पूर्वानुमान केंद्र के विशेषज्ञ अतुल कुमार सिंह के अनुसार, प्रदेश में वाराणसी के बाद बरेली में सबसे अधिक कोहरा दर्ज किया गया।
यहां सुबह के समय दृश्यता घटकर महज 100 मीटर रह गई, जबकि वाराणसी में बहुत घना कोहरा होने के कारण दृश्यता शून्य दर्ज की गई।
मौसम में हुए परिवर्तन के साथ सुबह कोहरे की मोटी चादर छाई रही। दोपहर में चटख धूप निकली और हवाएं भी चलीं।
अधिकतम तापमान 29.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में गिरावट के कारण सुबह के समय मौसम ठंडा महसूस हुआ।
मौसम में बदलाव के चलते अब सुबह और रात के समय सर्दी का असर बढ़ने लगा है। हालांकि, दिन में धूप निकलने से कुछ राहत मिल रही है।
मौसम विभाग ने मंगलवार सुबह हल्का कोहरा या धुंध छाए रहने की संभावना जताई है। इसके बाद आगामी दिनों में आसमान साफ रहने का अनुमान है।
आने वाले दिनों में सुबह के समय कोहरा और रात के तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।














