मौसम ब्रेकिंग: पंजाब और चंडीगढ़ में नवंबर के दूसरे सप्ताह में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। मौसम विभाग ने 12 नवंबर को पंजाब के सात जिलों में कुछ स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना जताई है।
इनमें हिमाचल प्रदेश की सीमा से सटे पठानकोट, गुरदासपुर और होशियारपुर के अलावा अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला और जालंधर शामिल हैं। दूसरी ओर चंडीगढ़ में आज और 13 नवंबर को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
पिछले 24 घंटों के दौरान पंजाब में बारिश नहीं हुई और मौसम शुष्क बना रहा। हालांकि रात के तापमान में बढ़ोतरी के बावजूद राज्य का न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर चल रहा है।
चंडीगढ़ में इसके उलट पारा गिरने से इस सीजन की अब तक की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में पंजाब के औसत न्यूनतम तापमान में 0.7 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है, फिर भी राज्य का रात का तापमान सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक बना हुआ है। पंजाब में बलोवाल सौंखड़ी सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 12 डिग्री दर्ज किया गया।
चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान गिरकर 11.7 डिग्री पर पहुंच गया, जो सामान्य से 2 डिग्री कम है। तापमान में गिरावट से सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ने लगा है, और आने वाले दिनों में लोगों को सुबह-शाम गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस हो सकती है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार पंजाब में 13 नवंबर को भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है, जिसमें पठानकोट और होशियारपुर का नाम शामिल है। इसके बाद 14 से 17 नवंबर तक पूरे राज्य में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है।
अगले पांच दिनों में पंजाब के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। कुछ इलाकों में रात और सुबह के समय हल्की से मध्यम धुंध छा सकती है, जिससे सुबह वाहन चालकों को परेशानी हो सकती है और सड़कों पर सावधानी बरतनी होगी।
चंडीगढ़ में 12 से 17 नवंबर तक मौसम मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
दिन में धूप के बावजूद रात के तापमान में गिरावट से ठंड का अहसास बढ़ेगा।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके प्रभाव से जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
जम्मू-कश्मीर में 12 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश, गरज-चमक और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि हिमाचल प्रदेश में 12 और 13 नवंबर को कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। पहाड़ों में बर्फबारी और ठंडी हवाओं से आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट की संभावना बनी हुई है, जिसका असर पंजाब और चंडीगढ़ में धीरे-धीरे बढ़ सकता है।
मौसम में बदलाव के बीच पंजाब में पराली जलाने की घटनाएं भी चिंता बढ़ा रही हैं। बुधवार को राज्य में एक ही दिन में खेतों में आग लगाने के 515 मामले सामने आए।
चालू धान सीजन में पराली जलाने की कुल घटनाएं बढ़कर 5,517 हो गई हैं, जो पिछले पूरे सीजन में दर्ज 5,114 घटनाओं से 403 अधिक है। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) की 11 नवंबर की रिपोर्ट में भी इसकी पुष्टि की गई है।
निगरानी 30 नवंबर तक जारी रहेगी, इसलिए इनकी संख्या और बढ़ सकती है। फसल अवशेष जलने से उठने वाला धुआं वातावरण में प्रदूषण बढ़ाता है, जिसका असर सांस संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों, बुजुर्गों और बच्चों पर अधिक पड़ सकता है।
जिलेवार आंकड़ों में फिरोजपुर में 728, तरनतारन में 687 और संगरूर में 628 घटनाएं दर्ज की गई हैं। इसके अलावा बठिंडा में 499, पटियाला में 374 और बरनाला में 320 मामले सामने आए हैं।
निगरानी अवधि के अंतिम 19 दिनों में प्रशासन के सामने खेतों में आग लगाने की घटनाओं पर रोक लगाने की चुनौती रहेगी।













