मौसम ब्रेकिंग: राजस्थान में नवंबर का पहला पखवाड़ा पूरा होने से पहले मौसम एक बार फिर करवट लेने की तैयारी में है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार 14 और 15 नवंबर को प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का हल्का प्रभाव देखने को मिल सकता है।
इसके चलते बीकानेर संभाग के कुछ इलाकों में बादल छाने के साथ बारिश होने की संभावना है। इस सिस्टम के प्रभाव से चूरू, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और बीकानेर के अलावा फलोदी तथा आसपास के क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम में इस बदलाव के बाद 16 नवंबर से प्रदेश में सर्दी का असर बढ़ने लगेगा और तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के बाद प्रदेश में मौसम फिर साफ होने लगेगा, जिसके साथ तापमान में गिरावट का दौर शुरू होगा।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटे में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहा और दिनभर धूप खिली रही। हालांकि, पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में नवंबर के मध्य में भी दिन का तापमान सामान्य से काफी अधिक बना हुआ है।
बुधवार को बाड़मेर में सबसे अधिक 37 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। चित्तौड़गढ़ में 36.2, जैसलमेर में 35.2, जोधपुर में 35.1, पाली में 34.8 और बीकानेर में 33.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
वहीं शेखावाटी क्षेत्र में रातें सर्द होने लगी हैं। सीकर, फतेहपुर, चूरू और पिलानी में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से नीचे पहुंच गया है।
बुधवार रात फतेहपुर में 10.8 और सीकर में 10.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान मापा गया। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार अगले तीन दिन प्रदेश में मौसम मुख्यतः साफ रहने और धूप खिलने की संभावना है, तथा कुछ शहरों के अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी भी हो सकती है।
रात के तापमान में कमी आने से आने वाले दिनों में प्रदेश के कई शहरों में सर्दी और तेज होने की संभावना है।












