मौसम ब्रेकिंग: उत्तर भारत के अधिकतर इलाकों में गुलाबी ठंड की शुरुआत हो चुकी है, लेकिन राजस्थान को अभी और इंतजार करना पड़ेगा। नवंबर का आधा महीना बीत जाने के बाद भी राजस्थान के लोगों को तेज धूप और गर्मी झेलनी पड़ रही है।
तड़के सुबह और रात को भी अपेक्षित गिरावट नहीं देखने को मिल रही है।
इस बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) के जयपुर केंद्र ने मौसम में बड़े बदलाव के संकेत दिए हैं। अगर अनुमान के तहत ये बदलाव होते हैं, तो राजस्थान के लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।
मौसम विभाग के निदेशक ने क्या कहा?
राजस्थान के मौसम पर IMD निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पूरे नवंबर महीने में राजस्थान का मौसम पूरी तरह शुष्क रहा है। कोई भी पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय नहीं रहा है।
लगातार पिछले 10-12 दिनों से ज्यादातर जगहों पर अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किए गए हैं।
दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान में पारा 37 डिग्री के पार
उन्होंने बताया कि अभी दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान, खासकर जोधपुर संभाग में, अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है, जो सामान्य से 3 से 4 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। बाड़मेर में यह स्थिति विशेष रूप से देखी गई है।
इसी तरह पश्चिमी राजस्थान के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री सेल्सियस अधिक है।
14-15 नवंबर से बदल सकता है मौसम
निदेशक के अनुसार 14-15 नवंबर के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की उम्मीद है। इससे मौसम का मिजाज बदल सकता है और तापमान में गिरावट आने की संभावना है।
राजस्थान इतना गर्म क्यों है?
राजस्थान में मौसम के शुष्क और गर्म रहने का कारण पहाड़ी राज्यों में अब तक कोई मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय न होना बताया गया है। इसके अलावा प्रशांत महासागर में सक्रिय ‘अल नीनो’ की परिस्थितियां भी क्षेत्रीय मौसम के पैटर्न को प्रभावित कर रही हैं।












