मौसम ब्रेकिंग: राजस्थान में नवंबर के महीने में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। कहीं दिन में तेज धूप लोगों को गर्मी का अहसास करा रही है, तो वहीं सुबह और रात के समय ठंड बढ़ने लगी है।
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, 13 नवंबर को जयपुर, अजमेर, बाड़मेर, कोटा, सवाई माधोपुर, चूरू, धौलपुर, उदयपुर और चित्तौड़गढ़ समेत 9 जिलों में मौसम बदल सकता है। इन इलाकों में मध्यम बारिश होने के साथ 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
ऐसे में लोगों को मौसम में होने वाले बदलाव को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
शेखावाटी और बीकानेर में कैसा रहेगा मौसम?
प्रदेश के शेखावाटी क्षेत्र और उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। सीकर, फतेहपुर और बीकानेर में बादलों की आवाजाही देखने को मिल सकती है।
हालांकि, इन क्षेत्रों के अधिकांश स्थानों पर मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। जयपुर समेत कई प्रमुख शहरों में भी आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है।
फतेहपुर और सीकर में बढ़ी ठंड, पारा 11 डिग्री के करीब
राजस्थान में सर्दी का असर अब धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। खासकर शेखावाटी क्षेत्र में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।
फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस और सीकर में 10.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। सुबह और रात के समय ठंडी हवाओं के कारण लोगों को सर्दी का एहसास होने लगा है।
15 नवंबर के बाद 2 से 4 डिग्री तक गिरेगा तापमान
राजस्थान में 15 नवंबर के बाद मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान रात और सुबह के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने के संकेत हैं।
इससे प्रदेश के कई हिस्सों में ठंड का असर बढ़ेगा और लोगों को सर्दी से बचाव की तैयारी करनी पड़ सकती है।












