मौसम ब्रेकिंग: उत्तर प्रदेश में मौसम अब सर्दियों की ओर बढ़ रहा है। सुबह कोहरा और रात में गिरता तापमान ठंड बढ़ने का संकेत देने लगा है।
मंगलवार को तराई, अवध और पूर्वी यूपी के कई जिलों में सुबह हल्का कोहरा छाया रहा, वहीं दिन चढ़ने के साथ धूप निकलने से राहत बनी रही।
मौसम विभाग का कहना है कि बुधवार से कोहरे में कमी आएगी। फिलहाल अगले पांच दिनों तक दिन और रात के पारे में किसी खास बदलाव की संभावना नहीं है, और सुबह, शाम और रात के मौसम में यूं ही नरमी बनी रहेगी।
दीपावली के अगले दिन सोमवार सुबह पश्चिमी तराई, अवध और पूर्वांचल के कई जिलों में कोहरा छाया रहा। कुछ स्थानों पर इसकी सघनता इतनी अधिक रही कि दृश्यता काफी कम हो गई।
वाराणसी में घने कोहरे के कारण दृश्यता शून्य तक पहुंच गई, जबकि बरेली में यह महज 100 मीटर दर्ज की गई। राजधानी लखनऊ में भी सुबह दृश्यता घटकर 300 मीटर रह गई।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगले पांच दिन बाद पछुआ हवा रफ्तार पकड़ेगी और इसके असर से ठंड में इजाफा होगा। अगले पांच दिनों तक प्रदेश में कहीं भी बारिश की संभावना नहीं जताई गई है।
सोमवार और मंगलवार के बीच की रात प्रदेश के करीब सात जिलों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। हरदोई में पारा गिरकर 13.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।
वहीं 28 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ इटावा में सबसे ठंडा दिन रहा।











