मौसम ब्रेकिंग: उत्तर प्रदेश में ठंड ने धीरे-धीरे दस्तक देनी शुरू कर दी है। सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक के साथ कोहरे का असर भी बढ़ने लगा है।
पिछले 24 घंटे के दौरान बरेली में सबसे कम दृश्यता 200 मीटर रिकॉर्ड की गई। वहीं, हरदोई प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी सुबह-शाम कोहरे का असर बना रहेगा।
बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं का असर
मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक पश्चिम बंगाल की खाड़ी से लेकर पूर्वी उत्तर प्रदेश तक एक टर्फ फैली हुई है। इसके प्रभाव से बंगाल की खाड़ी से नम हवाएं उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर रही हैं।
इन नम हवाओं के कारण प्रदेश के कई जिलों में सुबह और शाम के समय कोहरे में हल्की वृद्धि हुई है। मौसम विभाग ने फिलहाल मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई है।
लखनऊ में सुबह-शाम छाया रहेगा कोहरा
राजधानी लखनऊ के मौसम की बात करें तो गुरुवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी होने की संभावना है। हालांकि, सुबह और शाम के समय हल्का कोहरा जारी रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
इससे पहले बुधवार को राजधानी में सुबह और रात के समय हल्की धुंध के साथ कोहरा देखने को मिला। हालांकि, दिन में आसमान साफ रहा और अच्छी धूप खिली।
तापमान में भी बहुत मामूली बदलाव दर्ज किया गया। बुधवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य था।
वहीं, न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक रहा।
आगरा सबसे गर्म, हरदोई सबसे ठंडा
बुधवार को प्रदेश में सबसे अधिक गर्मी आगरा में दर्ज की गई। यहां अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक है।
दूसरी ओर, हरदोई में सबसे कम न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री कम है।
अगले 6-7 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम?
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह के मुताबिक प्रदेश में सुबह और शाम के समय कोहरे में हल्की बढ़ोतरी हुई है।
आने वाले 6 से 7 दिनों तक उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क (ड्राई) बना रहेगा। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में किसी विशेष बदलाव की संभावना नहीं है।
हालांकि, सुबह और शाम के समय कोहरे का असर बना रह सकता है।











